रतलाम में बंदूक की दुकान में धमाका, चार लोग गंभीर रूप से झुलसे

सर्राफा बाजार के पास लक्कड़ पीठा इलाके में बंदूक की दुकान में हुआ जोरदार धमाका वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से लगी आग, चार लोग गंभीर रूप से झुलसे दुकान सील, लाइसेंस की जांच जारी, FSL टीम कर रही मामले की पड़ताल

मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सर्राफा बाजार के पास लक्कड़ पीठा इलाके में स्थित एक बंदूकों की दुकान में जोरदार धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि दुकान में वेल्डिंग का काम चल रहा था, इसी दौरान चिंगारी से विस्फोट हुआ और आग लग गई। धमाके के बाद दुकान में मौजूद लोग बुरी तरह झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो लोग झुलसी हालत में दुकान से बाहर निकलकर सड़क पर बदहवास दौड़ते नजर आए। हादसे में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान दुकान के मालिक यूसुफ अली (58), नाजिम हुसैन (32), शेख रफीकुद्दीन (35) और संदीप पाटीदार (35) के रूप में हुई है। चारों को पहले स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया।

 

वेल्डिंग के दौरान हुआ हादसा

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि दुकान में वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक धमाका हुआ और आग फैल गई। सुरक्षा के मद्देनज़र दुकान को सील कर दिया गया है और इसके लाइसेंस की वैधता की जांच की जा रही है। दुकान में रखे सभी आग्नेयास्त्रों को पंचनामा बनाकर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

 

एफएसएल टीम कर रही जांच

मौके से कुछ खाली कारतूस के खोखे भी बरामद किए गए हैं। घटना के सही कारणों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम जांच में जुटी हुई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button