बंगाल में कानून व्यवस्था पर बोले राज्यपाल : अलकायदा है सक्रिय लेकिन सो रही है पुलिस

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मौजूदा कानून व्यवस्था की बदहाली को लेकर राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने चिंता जाहिर की है। उत्तर बंगाल के शहिद जवान के घर पहुंचे राज्यपाल धनखड़ ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की हालत बहुत खतरनाक हो गयी है।
उन्होंने कहा है कि यहां अल-कायदा जैसे आतंकी संगठन सक्रिय हैं। यह देश की सुरक्षा के लिए चुनौती है। छह लोगों को यहां से गिरफ्तार किया गया है और जो तीन अन्य गिरफ्तार हुए हैं वो भी यहीं से संबंधित हैं। पुलिस और एजेंसियों को कोई खबर ही नहीं थी।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और केरल के एर्नाकुलम में अल-कायदा मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। इसमें छह लोगों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया था जबकि तीन लोगों को केरल से गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए ने जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, इन व्यक्तियों को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान स्थित अलकायदा आतंकवादियों द्वारा कट्टरपंथी बनाया गया था और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर हमले करने के लिए प्रेरित किया गया था। मॉड्यूल सक्रिय रूप से धन उगाहने में लगा था और गिरोह के कुछ सदस्य हथियारों और गोला-बारूद की खरीद के लिए नई दिल्ली की यात्रा करने की योजना बना रहे थे। इसे लेकर राज्यपाल ने पुलिस महानिदेशक से जवाब तलब भी किया था।

Related Articles

Back to top button