कर्नाटक में बाढ़ के हालात भयावह, नौसेना ने संभाला मोर्चा

नई दिल्ली/ कर्नाटक में भारी बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ की स्थिति भयावह बनी हुई है। बाढ़ को लेकर राज्य के सात जिलों में अलर्ट घोषित किया गया है। राज्य में कई स्थानों पर नौसेना ने मोर्चा संभालते हुए बचाव और राहत कार्य शुरू किया है।

बाढ़ के प्रकोप से राज्य के हजारों लोग प्रभावित हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए नौसेना ने मोर्चा संभाल लिया है। उत्तर कन्नड़ जिला प्रशासन के अनुरोध पर नौ सेना की इमरजेंसी रिस्पांस टीम (ईआरटी) कारवार में 17 गोताखोर पांच जेमिनी और लाइफ जैकेट के साथ बचाव कार्य में लगी है। इस टीम ने कन्नड़ जिले के कादरा बांध, मल्लापुर कुर्नीपेट, कैगा के पास फंसे लोगों को बचाने का कार्य किया। टीम ने सिंगुड्डा और भैरे गांवों में फंसे 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। ईआरटी ने गंगावल्ली रिवर बेल्ट के डोंगरी में दो होटलों में फंसे आठ कर्मियों को हेलीकॉप्टर के सहयोग से निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

कर्नाटक में बाढ़ से 132 गांवों के हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें 15 गांवों में बाढ़ की स्थिति खतरनाक बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज भी कई स्थानों पर भारी से बेहद भारी बारिश का अर्लट जारी किया है।

कर्नाटक के कई जिलों में पिछले कई घंटे से बारिश से सात जिले, बेलगावी, चिकमंगलुरु, धारवाड़, हावेरी, शिवमोगा और उत्तर कन्नड़ में बाढ़ के हालात बन गए हैं। भारी बारिश से कृष्णा, कावेरी, तुंगभद्रा, भीमा, कपिला आदि नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। बाढ़ से कोडागु जिले और उत्तर कन्नड़ जिले में भूस्खलन की भी खबरें मिली हैं।

मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों को बारिश से जल्द राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने आज भारी से बेहद भारी बारिश की आशंका के चलते उडुपी, दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, चिकमेंगलुरु, शिवमोगा, हसन और कोडागु जिलों के लिए रेड अलर्ट के साथ बेलगावी व धारवाड़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के 18 ताल्लुकों में लगभग 130 से अधिक गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार राज्य में बाढ़ से कम से कम तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button