वोट चोरी ? राहुल गाँधी का एटम बम, चुनाव आयोग का चैलेंज.. अब अचानक ‘INDIA’ गठबंधन का डिनर

देश की सियासत इन दिनों “वोट चोरी”, EVM पर सवाल, और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को लेकर उबाल पर है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) पर बेहद गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद चुनाव आयोग ने पहले उसी दिन राहुल गांधी को एक शपथ पत्र साइन करने की चुनौती दे दी, फिर एक प्रेस नोट जारी कर खुद को सभी दलों से संवाद करने वाला पारदर्शी संस्थान बताने की कोशिश की। और अब इस पूरे विवाद के बीच राहुल गांधी ने विपक्ष के नेताओं को एक “रणनीतिक डिनर” के लिए आमंत्रित किया है।
यह डिनर न सिर्फ राजनीतिक प्रतीकात्मकता है, बल्कि विपक्षी दलों के बीच आने वाले हफ्तों में संयुक्त मोर्चे की रणनीति तैयार करने का भी प्रयास माना जा रहा है।
वोट चोरी के आरोप और चुनाव आयोग की जवाबी मुद्रा
7 अगस्त को राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वोट चोरी के कथित सबूत सार्वजानिक किए। जिसके बाद चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को उनके आरोपों की शपथ पत्र पर साइन करने की चुनौती दी है। आयोग ने कहा है कि अगर ये आरोप किसी भी स्थिति में गलत पाए गए तो उनपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिर इसी दिन भारत निर्वाचन आयोग ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया कि आयोग बीते 150 दिनों में 28,000 से ज्यादा राजनीतिक प्रतिनिधियों से संवाद कर चुका है। इसे राजनीतिक हलकों में आयोग की संस्थागत प्रतिक्रिया माना जा रहा है – एक तरह से अपनी निष्पक्षता साबित करने की कोशिश। इसमें उन्होंने बताया कि उनकी किन-किन पार्टियों और नेताओं से मीटिंग हुई, जो इस प्रकार है –
- 4,719 ऑल पार्टी मीटिंग्स, जिसमें 28,000 प्रतिनिधि शामिल हुए।
- 18 राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय दलों से बातचीत, जिनमें BJP, AAP, SP, AIMIM, BRS, TDP, DMK जैसे नाम शामिल हैं।
- संवाद का मकसद: निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, समावेशी और मजबूत बनाना।
- बैठक में शामिल प्रमुख चेहरों में जेपी नड्डा, अरविंद केजरीवाल, रामगोपाल यादव, असदुद्दीन ओवैसी, केटी रामाराव जैसे नेता शामिल।
अब राहुल गांधी की ‘डिनर डिप्लोमेसी’
इन सबके बीच राहुल गांधी ने एक नया कदम उठाया है – एक विशेष डिनर मीटिंग, जिसमें INDIA ब्लॉक के प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में उपराष्ट्रपति पद के विपक्षी उम्मीदवार पर चर्चा के अलावा, संसद सत्र की आगे की रणनीति, SIR (Special Investigation on Rigging) की मांग, और अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ़ जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा।
डिनर में कौन-कौन होंगे शामिल?
राहुल गांधी के इस डिनर में विपक्ष के कई बड़े नेता शिरकत करेंगे, जिनमें शामिल हैं:
- अखिलेश यादव (समाजवादी पार्टी)
- तेजस्वी यादव (राजद)
- उद्धव ठाकरे (शिवसेना – उद्धव गुट)
- दीपांकर भट्टाचार्य (CPIML)
- एमए बेबी (CPI(M))
- डी राजा (CPI)
- अभिषेक बनर्जी (TMC)
- एम के प्रेमचंद्रन (RSP)
- कनिमोझी (DMK)
- महुआ माझी (JMM)
- जोस के मानी (केरल कांग्रेस)
- पीके कुंजालिकुट्टी (IUML)
यह सूची खुद बताती है कि यह डिनर महज एक खाना नहीं, बल्कि एक राजनीतिक युद्ध की रणनीति तय करने की बैठक है।
संसद के सत्र के बीच विपक्ष की शक्ति प्रदर्शन
यह डिनर ऐसे समय पर आयोजित किया जा रहा है जब संसद सत्र जारी है और सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच लगातार टकराव की स्थिति बनी हुई है। राहुल गांधी इस मौके को INDIA गठबंधन की एकजुटता दिखाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि जनता को यह संदेश जाए कि विपक्ष अब बिखरा नहीं है, बल्कि एक स्वर में सवाल पूछ रहा है।
विपक्ष की रणनीति: मुद्दों को जोड़कर सरकार पर दबाव
इस डिनर के जरिए विपक्ष ये रणनीति बना सकता है:
- उपराष्ट्रपति चुनाव को लोकतंत्र की रक्षा का प्रतीक बनाना
- EVM और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर संगठित सवाल उठाना
- आर्थिक मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय संदर्भ से जोड़कर सरकार को घेरना
- जनता के बीच एकजुटता का संदेश देकर आगामी चुनावों की जमीन तैयार करना
चुनाव आयोग बनाम विपक्ष, कौन जीतेगा भरोसे की जंग?
एक ओर चुनाव आयोग खुद को सभी राजनीतिक दलों से संवाद करने वाला संस्थान बताने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष उसे निष्पक्ष मानने को तैयार नहीं है। राहुल गांधी का यह डिनर इसी अविश्वास की पृष्ठभूमि में हो रहा है। यह डिनर एकजुटता, रणनीति और संघर्ष का प्रतीक बन चुका है।
आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या विपक्ष इस एकजुटता को जनता के बीच भुना पाता है या यह महज एक और राजनीतिक कवायद बनकर रह जाती है।



