पूजा की घंटी के बीच करोड़ों की डकैती, दिल्ली में ‘लेडी नटवरलाल’ गिरफ्तार

घरेलू सहायिका बनकर आई महिला ने 48 घंटे में ही दिया वारदात को अंजाम पूजा की घंटी के बीच तोड़ी अलमारी, कैश-ज्वेलरी लेकर हुई फरार पहले भी कई घरों में कर चुकी है इसी तरह की वारदात

Delhi theft: राजधानी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ जाएं। यहाँ एक महिला ने घरेलू सहायिका (Domestic Help) बनकर एक बुजुर्ग दंपत्ति का भरोसा जीता और महज 48 घंटे के भीतर ही करोड़ों के माल पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने जब इस शातिर महिला को गिरफ्तार किया, तो उसके घर का नजारा देखकर खुद अधिकारी भी दंग रह गए।

 पूजा की घंटी बजती रही और इधर अलमारी साफ हो गई

शालीमार बाग के रहने वाले विजय राम गुप्ता और उनकी पत्नी ने 17 अप्रैल को सोना उर्फ के. सोनिया नाम की महिला को घर के कामकाज के लिए रखा था। महिला ने इतनी सफाई से काम किया कि दो दिन में ही परिवार का भरोसा जीत लिया। लेकिन 19 अप्रैल को जब बुजुर्ग दंपत्ति घर के मंदिर में पूजा-पाठ में मग्न थे और पूजा की घंटियां बज रही थीं, उसी शोर का फायदा उठाकर सोनिया ने अलमारी का ताला तोड़ दिया। वह घर में रखे करीब 1.2 से 2 करोड़ रुपये के कैश और कीमती जेवर लेकर रफूचक्कर हो गई।

Delhi theft: खतरनाक कुत्तों का किला: पुलिस भी रह गई हैरान

जब दिल्ली पुलिस ने आरोपी महिला के रोहिणी स्थित घर पर छापेमारी की, तो वहां का नजारा किसी किले जैसा था। महिला ने अपने घर को एक तरह का ‘डॉग फोर्ट’ बना रखा था, जहाँ पिटबुल और अमेरिकन बुली जैसे बेहद खतरनाक नस्ल के कई कुत्ते पाल रखे थे। पुलिस का मानना है कि उसने ये कुत्ते इसलिए पाले थे ताकि कोई भी अनजान शख्स या पुलिस उसके घर के करीब आने की हिम्मत न कर सके और वह बेखौफ होकर अपनी काली कमाई वहां छुपा सके।

Delhi theft: रेकी करने का अनोखा तरीका और पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। यह महिला पहले भी इसी इलाके के एक दूसरे घर में काम कर चुकी थी, जहाँ उसने सिर्फ दो दिन काम किया और तीसरे दिन अचानक गायब हो गई। पुलिस को शक है कि वह काम करने के बहाने घरों की रेकी करती थी और देखती थी कि कहाँ हाथ मारना आसान है। सोनिया के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने इस तरह से और कितने परिवारों को अपना शिकार बनाया है।

बुजुर्गों की सुरक्षा पर खड़े हुए बड़े सवाल

Delhi theft: इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में घरेलू सहायकों के पुलिस वेरिफिकेशन की अहमियत को याद दिला दिया है। पीड़ित बुजुर्ग महिला का रो-रोकर बुरा हाल है, क्योंकि उम्र भर की जमा पूंजी एक झटके में लूट ली गई। फिलहाल आरोपी महिला पुलिस की गिरफ्त में है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि लूटी गई रकम और ज्वेलरी पूरी तरह बरामद की जा सके।

 

यह भी पढ़ें: नोएडा में धारा 163 लागू, औद्योगिक अशांति को देखते हुए प्रशासन ने कसी कमर

 

 

Related Articles

Back to top button