एक और Dirty Baba फरार! कॉलेज की लड़कियों से अश्लीलता की हदें पार.. 17 छात्राओं ने की FIR, फैकल्टी की मिलीभगत!

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट (SRISIIM) में पढ़ रही ईडब्ल्यूएस श्रेणी की छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न, मानसिक दबाव और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी स्वामी चैतन्यनंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी पर छात्राओं को अश्लील संदेश भेजने, अपशब्द कहने और शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश करने का आरोप है। फिलहाल आरोपी फरार है और दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
शिकायत से खुला मामला
यह मामला तब सामने आया जब 4 अगस्त 2025 को श्री शृंगेरी मठ के प्रशासक पी.ए. मुरली ने वसंत कुंज नॉर्थ थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी लंबे समय से छात्राओं का शोषण कर रहा था। इतना ही नहीं, संस्थान की कुछ फैकल्टी और प्रशासनिक अधिकारी आरोपी के दबाव में छात्राओं को चुप कराने का प्रयास करते थे।
32 छात्राओं के बयान दर्ज
जांच के दौरान पुलिस ने कुल 32 महिला छात्राओं के बयान दर्ज किए। इनमें से 17 छात्राओं ने साफ तौर पर बताया कि उन्हें आरोपी से अश्लील संदेश, अपशब्द और शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिशों का सामना करना पड़ा। विरोध करने पर फैकल्टी और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उन पर दबाव बनाने की बात भी सामने आई।
आरोपी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
पुलिस ने वसंत कुंज नॉर्थ थाने में कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश में उसके घर और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान संस्थान से बरामद सीसीटीवी फुटेज, एनवीआर और हार्ड डिस्क को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। अदालत के आदेश पर 16 पीड़ित छात्राओं के बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने भी दर्ज किए गए।
फर्जी डिप्लोमैटिक कार नंबर से खुला नया राज
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि संस्थान के बेसमेंट से 39 UN 1 फर्जी डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट वाली वोल्वो कार मिली है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी इस कार का इस्तेमाल करता था। इससे धोखाधड़ी और अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन के पहलुओं पर भी संदेह गहराया है।
संवेदनशील केस, आरोपी की जल्द होगी गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जांच आगे बढ़ रही है। आरोपी अब तक फरार है लेकिन उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जांच अधिकारी के अनुसार, छात्राओं के बयान, फॉरेंसिक सबूत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को जल्द न्यायिक प्रक्रिया के तहत कटघरे में खड़ा किया जाएगा।



