Video: “अपने प्राण तक न्योछावर कर दूंगा…”, इतना कहते ही दशरथ बने एक्टर की मंच पर मौत, घटना कैमरे में कैद!

चंबा (हिमाचल प्रदेश)। चंबा की ऐतिहासिक रामलीला में मंगलवार रात उस समय माहौल गमगीन हो गया जब मंच पर राजा दशरथ का किरदार निभा रहे 73 वर्षीय कलाकार अमरेश महाजन की हार्ट अटैक से मौत हो गई। दशकों से दर्शकों के दिलों में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले अमरेश मंच पर संवाद बोलते-बोलते अचानक गिर पड़े और हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह गए।

संवाद के बीच गिरे कलाकार, दर्शक समझते रहे अभिनय

रामलीला के मंच पर राजा दशरथ का दरबार सजा था। अमरेश अपने संवाद बोल रहे थे—“मैं अपनी प्रजा के लिए अपने प्राण तक न्योछावर कर दूंगा…”। इतना कहते ही वे साथी कलाकार की ओर झुक गए और फिर शांत हो गए। दर्शक इसे अभिनय का हिस्सा मानकर तालियां बजाते रहे, लेकिन साथी कलाकारों और आयोजकों को तुरंत स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मंच से गिरने के बाद अमरेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया था और उन्होंने वहीं दम तोड़ दिया। उनकी अचानक हुई मौत से न केवल रामलीला समिति बल्कि पूरा चंबा जिला शोक में डूब गया।

40 साल से निभा रहे थे राजा दशरथ का किरदार

स्थानीय लोगों ने बताया कि अमरेश महाजन पिछले करीब चार दशकों से लगातार रामलीला में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे थे। उनके अभिनय की गहराई और संवाद अदायगी दर्शकों को हमेशा बांध लेती थी। उनकी कमी को कोई दूसरा पूरा नहीं कर सकेगा।

रामलीला कार्यक्रम स्थगित

अमरेश महाजन के निधन के बाद रामलीला समिति ने सभी कार्यक्रम फिलहाल स्थगित कर दिए हैं। मंच पर ही अंतिम सांस लेने वाले इस मंझे हुए कलाकार की यादें आने वाले वर्षों तक दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेंगी।

Related Articles

Back to top button