Video: RSS की बैठक में भिड़े भाजपाई, BJP विधायक और ब्लॉक प्रमुख समर्थकों ने फोड़े एक-दूसरे के सर!

गोंडा (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बीजेपी के दो गुटों के बीच मंगलवार को बड़ा बवाल हो गया। कटरा बाजार इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधायक और ब्लॉक प्रमुख समर्थकों के बीच जमकर झड़प हुई। देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे, कुर्सियां टूट गईं और माहौल हिंसक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

विधायक और ब्लॉक प्रमुख के समर्थकों में हिंसक झड़प

जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के कटरा बाजार से बीजेपी विधायक बावन सिंह और कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख जुगरानी शुक्ला के समर्थकों में भिड़ंत हो गई। इस झड़प में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह घटना ब्लॉक सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां आरएसएस की बैठक और जीएसटी धन्यवाद कार्यक्रम चल रहा था।

नारेबाजी से शुरू होकर पथराव तक पहुंचा विवाद

पुलिस के मुताबिक, झगड़ा सबसे पहले नारेबाजी से शुरू हुआ और कुछ ही देर में यह पथराव और हाथापाई में बदल गया। दोनों गुटों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां और ईंट-पत्थर चलाए। स्थिति बिगड़ने पर कटरा बाजार, कौड़िया और करनैलगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को काबू में किया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता है झगड़े की वजह

एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि विधायक बावन सिंह और ब्लॉक प्रमुख जुगरानी शुक्ला के बीच लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता चली आ रही है। कार्यक्रम के दौरान दोनों गुट आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसा में बदल गया।

इस झड़प में विधायक पक्ष के आलोक सिंह, अतुल सिंह और कमल ठाकुर घायल हुए हैं। वहीं ब्लॉक प्रमुख पक्ष के भगवान शुक्ला और शिव भगवान को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

एसपी ने कहा कि पुलिस को दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं। वायरल वीडियो और फोटो के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर सियासी तंज

इस घटना के बाद विपक्ष ने भी बीजेपी पर निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने झगड़े का वीडियो साझा करते हुए तंज कसा और बीजेपी की अंदरूनी कलह को उजागर बताया।

Related Articles

Back to top button