Delhi crime: पति ने पत्नी और तीन मासूम बेटियों की हत्या की, आरोपी फरार
समयपुर बादली में चार हत्याओं से सनसनी, आरोपी पति फरार धारदार हथियार से वारदात, CCTV में सुबह 5 बजे भागता दिखा संदिग्ध जहांगीरपुरी में मिली आखिरी लोकेशन, पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन छोटी बेटियों की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को वारदात की सूचना मिली। पुलिस जब चंदन विहार स्थित किराए के मकान में पहुंची तो कमरे के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। पुलिस के अनुसार, कमरे में 30 वर्षीय अनीता और उसकी तीन बेटियों (उम्र 5, 4 और 3 वर्ष) के शव मिले। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या धारदार हथियार से की गई है। आरोपी पति मंचुन केवट घटना के बाद से फरार है। बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला था और समयपुर बादली के चंदन विहार में किराए के मकान में रहता था। मंचुन केवट आजादपुर मंडी में अदरक बेचने का काम करता था।
आरोपी की आखिरी लोकेशन कहां मिली?
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पता चला है कि आरोपी की आखिरी मोबाइल लोकेशन जहांगीरपुरी इलाके में मिली, जिसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।CCTV फुटेज में आरोपी को सुबह करीब 5 बजे इलाके से भागते हुए देखा गया है।
पड़ोसियों ने क्या बताया?
ऊपरी मंजिल पर रहने वाली एक महिला ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे तक सब कुछ सामान्य था और किसी तरह की चीख-पुकार या शोर सुनाई नहीं दिया। एक अन्य पड़ोसन के मुताबिक, शुरुआती दिनों में पति-पत्नी के बीच झगड़े होते थे और मारपीट की घटनाएं भी हुई थीं, लेकिन हाल के दिनों में सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत और शोक का माहौल है।



