चित्तौडग़ढ़ : भाजपा नेता के घर में आग से महिला की मौत, 4 गंभीर

चित्तौडग़ढ़। शहर के प्रतापनगर इलाके में भाजपा नेता के घर में सोमवार अलसुबह शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक महिला की मौत हो गई। घटना सुबह 4 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में विनोद फुलवानी की बहन आरती की मौत हो गई है, वहीं चार अन्य सदस्यों के झुलसने की सूचना है। इनमें से दो को उदयपुर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल की गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह प्रतापनगर के सिंधी कॉलोनी इलाके में विनोद फुलवानी के घर में आग लग गई। उन्होंने तीन मंजिला घर की पहली मंजिल से कूदकर जान बचाई। उनके हाथ और पैर में फ्रेक्चर हैं। घर में मौजूद विनोद के जीजा दिलीप और भानजी कनक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें उदयपुर रैफर किया गया है। मां सावित्री और पत्नी प्रीति का भी इलाज चल रहा है। हादसे में विनोद की बहन आरती की मौत हो गई। मकान में कुल 9 लोग मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही विधायक चंद्रभान आक्या भी मौके पर पहुंचे। आग में झुलसे परिवार के सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना सीआई दर्शन सिंह मौके पर पहुंचे।

हादसे में जान गंवाने वाली फुलवानी की बहन आरती रविवार को ही अपने परिवार के साथ भाई के घर आई हुई थी। सोमवार सुबह उसे उदयपुर जाना था लेकिन उसकी हादसे में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के अन्य सदस्य अहमदाबाद और सूरत से चित्तौडग़ढ़ के लिए रवाना हो गए हैं। गत नगर निकाय चुनाव में विनोद फुलवानी भाजपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़े थे।

Related Articles

Back to top button