भोपाल : विजन वाली है शिवराज सरकार, कमलनाथ की सरकार कमीशन पर चलीः रजनीश अग्रवाल

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार ने अपने कार्यकाल में क्या किया है, यह प्रदेश का हर नागरिक जानता है। यहां तक कि कमलनाथ सरकार ने भी यह माना है कि भाजपा की सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, इसके बावजूद वे भाजपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हैं, हिसाब मांगते हैं। सच्चाई यह है कि शिवराज सरकार पहले भी उसी तरह प्रदेश के विकास के विजन पर चलती रही है, जिस तरह से पिछले 6 महीनों से चल रही है। दूसरी तरफ, कमलनाथ की 15 महीने वाली सरकार कमीशन पर चलती थी, इसीलिए उस सरकार ने प्रदेश को 2003 वाली स्थिति की तरफ मोड़ दिया था। यह बात भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।

अग्रवाल ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि कमलनाथ सरकार ने अक्टूबर 2019 में यह स्वीकार करने के साथ-साथ प्रचारित भी किया है कि मध्यप्रदेश के निर्यात का सबसे अधिक 27.6 प्रतिशत हिस्सा फार्मास्यूटिकल क्षेत्र से होता है। मध्यप्रदेश में तेजी के साथ फार्मास्यूटिकल कंपनियां बढ़ रहीं हैं। कमलनाथ सरकार ने ही 6 अक्टूबर 2019 को यह स्वीकार किया था कि मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल की वेल्यू चैन स्थापित है। धागे से लेकर कपड़े तक के मामले में मध्यप्रदेश एक बेहतरीन हब के रूप में देश में उभरा है। देश में सबसे अधिक 1200 से ज्यादा रेडिमेट गारमेंट की यूनिट इंदौर में स्थापित हैं।

उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने ही यह स्वीकार किया है कि अनाज, दलहन और तिलहन के मामले में मध्यप्रदेश तीन अग्रणी राज्यों में शामिल है। देश में दुग्ध उत्पादन के मामले में मध्यप्रदेश पांचवे नंबर पर है और कॉटन उत्पादन में मध्यप्रदेश देश का पांचवा सबसे बड़ा राज्य है। मध्यप्रदेश में 300 से अधिक समृद्ध और संपन्न कंपनियां कारोबार कर रही हैं। मध्यप्रदेश में सबसे बेहतरीन रोड नेटवर्क है। जिस जीएसटी को राहुल गांधी गब्बरसिंह टैक्स कहते हैं, उस जीएसटी के आने के बाद मध्यप्रदेश सबसे ज्यादा लाभान्वित एवं विकसित होने वाला राज्य है।

अग्रवाल ने कहा कि जिन उपलब्धियों को कमलनाथ सरकार ने सिर्फ स्वीकार किया, बल्कि प्रचारित भी किया है, ये सभी उपलब्धियां मध्यप्रदेश ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के समय हासिल की हैं। ऐसे में कमलनाथ द्वारा बार-बार भाजपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाना यह साबित करता है कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है और उसके नेता पार्टी के राजनीतिक रूप से जीवित होने का अहसास कराने के लिए ही भाजपा सरकार पर सवाल उठाते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button