भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री की तस्वीर पर मुख्यमंत्री निवास में पुष्प अर्पित कर आदरांजलि दी। इसके अलावा सीएम ने गांधी भवन में राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर पुष्प हार चढ़ाकर नमन किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गांधी भवन सभा कक्ष में आयोजित जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार आज भी विश्व के लिए न सिर्फ उपयोगी हैं बल्कि उनके विचारों और दर्शन में अनेक समस्याओं का समाधान भी छिपा है। उन्होंने कहा कि आज हम गांधीजी को तो मानते हैं लेकिन गांधी जी की नहीं मानते। महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा का जो मार्ग दिखाया, आज उसका अनुसरण करने की आवश्यकता है। सीएम शिवराज ने कहा कि हम किसी अन्य को विवश तो नहीं कर सकते लेकिन स्वयं किसी शिक्षा का अनुपालन और उसके अनुसार अपना आचरण कर ही सकते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गांधी भवन की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

पुरानी विधानसभा चौराहे पर माल्यार्पण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुरानी विधानसभा (मिंटो हाल) चौराहे पर स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रदांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शास्त्री जी अल्पकाल के लिए प्रधानमंत्री बने लेकिन उन्होंने राष्ट्र को महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। शास्त्री जी का मंत्र “जय जवान-जय किसान” आज भी प्रासंगिक है। गांधी भवन और शास्त्री तिराहे पर आयोजित कार्यक्रमों में नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button