दतिया : कांग्रेस उम्मीदवार फूल सिंह बरैया के विवादित बोल, सवर्णों को बताया बाहरी

दतिया। मध्यप्रदेश में विधानसभा की रिक्त 28 सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं और राज्य की दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा-कांग्रेस के नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी बीच भांडेर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार फूल सिंह बरैया का एक विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने सवर्णों को बाहरी बताते हुए हिन्दुओं पर जमकर निशाना साधा। इतना ही नहीं, महिलाओं को लेकर भी उन्होंने अपशब्दों का इस्तेमाल किया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

दरअसल, शुक्रवार को सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार फूल सिंह बरैया कह रहे हैं कि अभी भी वक्त है कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को जाग जाना चाहिए, वरना सवर्ण देश को हिंदू राष्ट्र बना देंगे। उन्होंने कहा कि मुसलमानों से भारत छोडऩे की बात करने वाले सवर्णों को पहले खुद देश छोडऩा चाहिए, क्योंकि वह मुसलमानों के बाद भारत आए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि हम अनुसूचित जाति के लोग और मुसलमान एक ही पिता की संतान हैं, चाहे तो डीएनए टेस्ट करा लिया जाए। उन्होंने लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा यदि हम एक हो गए तो वे 15 और हम 85 हैं। मुकाबला नहीं कर पाएंगे। उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल के एक भाषण का उदाहरण देते हुए बताया कि एक बार जब हिंदुओं ने अंग्रेजों से भारत छोडऩे की मांग की तो चर्चिल ने कहा कि अगर भारत के मूल निवासी इस बात मांग करेंगे तो विचार किया जाएगा।

यह वीडियो गुरुवार को भांडेर क्षेत्र में हुई एक जनसभा का है, जिसमें कांग्रेस उम्मीदवार बरैया ने हिन्दुओं, खासकर सवर्णों के खिलाफ जमकर आग उगली। उन्होंने यहां तक कहा कि सवर्ण वर्ग के लोगों का कुत्ता अगर अनुसूचित जाति के लोगों को छू लेता है तो वे उस कुत्ते को अनुसूचित जाति के घर बांध आते हैं। इसलिए अनुसूचित जाति के लोगों को भी सवर्णों के घर जाकर उनकी महिलाओं को लड्डू खिलाने चाहिए, जिससे वह भी अस्पृश्य हो जाएं और फिर सवर्ण वर्ग के लोग उन्हें अनुसूचित जाति के घर के लोगों के घर छोड़ आएं। इस तरह अनुसूचित जाति के लोगों की दो-दो पत्नियां हो जाएंगी। शुक्रवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हडक़म्प मच गया है।

Related Articles

Back to top button