अशोक तंवर की पत्नी का कांग्रेस प्रेम, कहा मरते दम तक साथ रहूंगी

हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के पार्टी छोड़ने के बावजूद उनकी पत्नी का कांग्रेस प्रेम जारी है। अशोक तंवर की पत्नी अवंतिका तंवर ने कहा कि वह मरते दम तक कांग्रेस में ही रहेंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे और उनके पति अशोक तंवर गाँधी परिवार के ऋणी हैं और इसलिए वह कभी कांग्रेस नहीं छोड़ सकतीं।

अवंतिका तंवर ने कहाकि ‘मैं कांग्रेस उम्मीदवार को ही वोट डालूंगी। मैं गांधी परिवार की सारी उम्र ऋणी रहूंगी। मैं मरते दम तक कांग्रेस में रहूंगी। मेरे घर पर आज भी राहुल गांधी और सोनिया गांधी के होर्डिंग्‍स लगे हैं। मैं उन्हें कभी नहीं हटाऊंगी।’ इसके साथ ही अशोक तंवर के पार्टी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि यह फैसला अशोक तंवर का है। चाहे मैं हूं, चाहे अशोक जी हैं, गांधी परिवार के तो हम दोनों जिंदगी भर ऋणी रहेंगे। और मैं कांग्रेस को नहीं गांधी परिवार का सपोर्ट करती हूं। हम तीन पीढ़ियों से गांधी परिवार के साथ जुड़े हुए हैं और सब जानते हैं किस वजह से अशोक जी को पार्टी छोड़ने का निर्णय लेना पड़ा।

हरियाणा कांग्रेस अब पार्टी नहीं रही

गौरतलब है कि अवंतिका ने इस दौरान कांग्रेस पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी अब पार्टी नहीं रही। यहां कांग्रेस पार्टी सिर्फ बाप-बेटे की दुकान हो गई है और उस दुकान के खरीदार हम नहीं हैं। और सिर्फ अशोक तंवर नहीं बल्कि कई अन्‍य नेताओं ने भी कांग्रेस छोड़ी है। एक या दो इंसान गलत हो सकते हैं, लेकिन सभी नहीं। हालाँकि उन्‍होंने स्‍पष्‍ट कर दिया कि वोटिंग के दिन वे कांग्रेस को ही वोट देंगी और मरते दम तक कांग्रेस के साथ रहेंगी।

Related Articles

Back to top button