प्राइमरी और मिडिल स्कूल शिक्षा में पंजाब बना देश का नंबर-1 राज्य
नीति आयोग की रिपोर्ट में पंजाब ने केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली को पीछे छोड़ा भाषा, गणित और डिजिटल शिक्षा में राज्य का शानदार प्रदर्शन मुख्यमंत्री भगवंत मान बोले- शिक्षा में निवेश का मिला बड़ा परिणाम

Punjab Education Ranking: पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। नीति आयोग की नई रिपोर्ट के मुताबिक, प्राइमरी और मिडिल स्कूल शिक्षा में पंजाब देश का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरा है। भगवंत मान सरकार के शिक्षा सुधारों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
बुनियादी शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं में पंजाब नंबर-1
रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब को बुनियादी शिक्षा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और स्कूल सुविधाओं के मामले में पहला स्थान मिला है। भाषा और गणित जैसे विषयों में भी राज्य ने शानदार प्रदर्शन किया है। सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, इंटरनेट सुविधा और कंप्यूटरों की उपलब्धता में बड़े स्तर पर सुधार किया गया है, जिसका असर अब राष्ट्रीय रैंकिंग में साफ दिखाई दे रहा है।
Punjab Education Ranking: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दी बधाई
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि शिक्षा में ईमानदारी से किए गए निवेश का परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्राइमरी और मिडिल स्कूलों को अपग्रेड किया, स्मार्ट क्लासरूम शुरू किए और शिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों की वजह से पंजाब आज शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में सबसे आगे पहुंच गया है।
Punjab Education Ranking: भाषा और गणित में केरल को भी पीछे छोड़ा
भगवंत मान ने बताया कि तीसरी कक्षा की भाषा परीक्षा में पंजाब को 82 प्रतिशत अंक मिले, जबकि केरल को 75 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। वहीं तीसरी कक्षा के गणित में पंजाब ने 78 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि केरल 70 प्रतिशत पर रहा। नौवीं कक्षा के गणित में भी पंजाब ने 52 प्रतिशत अंक प्राप्त कर केरल को पीछे छोड़ दिया।
डिजिटल शिक्षा में भी शानदार प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में भी पंजाब ने हरियाणा को पीछे छोड़ दिया है। स्मार्ट क्लासरूम के मामले में पंजाब को 80.1 प्रतिशत अंक मिले, जबकि हरियाणा 50.3 प्रतिशत पर रहा। स्कूलों में इंटरनेट सुविधा के मामले में पंजाब 88.9 प्रतिशत और हरियाणा 78.9 प्रतिशत पर दर्ज किया गया। इसके अलावा स्कूलों में बिजली और कंप्यूटर की उपलब्धता के मामले में भी पंजाब लगभग 100 प्रतिशत के करीब पहुंच गया है।
शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों को दिया श्रेय
Punjab Education Ranking: भगवंत मान ने इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा विभाग से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में शिक्षक प्रशिक्षण, आधुनिक शिक्षा पद्धति और स्मार्ट क्लासरूम पर लगातार काम किया गया, जिसका नतीजा अब पूरे देश के सामने है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पंजाब हर क्षेत्र में नंबर-1 बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ी कामयाबी, यूपी और बिहार से तीन आरोपी दबोचे गए



