भोपाल मेट्रो में अब मनेगा जन्मदिन और किटी पार्टी का जश्न, ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’
भोपाल और इंदौर मेट्रो में अब मना सकेंगे जन्मदिन, किटी पार्टी और प्री-वेडिंग शूट 'सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स' नीति के तहत आम जनता के लिए खुले मेट्रो कोच के दरवाजे सिर्फ 5 हजार रुपये से शुरू होगी बुकिंग, 50 मेहमानों के साथ कर सकेंगे यादगार जश्न

Bhopal metro: मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में रहने वालों के लिए मेट्रो अब सिर्फ सफर का जरिया नहीं, बल्कि खुशियां मनाने का ठिकाना भी बनने वाली है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ नाम की एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब आम नागरिक मेट्रो कोच और स्टेशनों पर जन्मदिन, किटी पार्टी, प्री-वेडिंग शूट और विज्ञापन जैसी गतिविधियों के लिए बुकिंग कर सकेंगे।
खास पलों को खास बनाने की पहल
मेट्रो के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि यह कदम भोपाल और इंदौर की आधुनिक जीवनशैली को ध्यान में रखकर उठाया गया है। उनका कहना है कि इस पहल के जरिए मेट्रो को लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और संस्कृति से जोड़ने की कोशिश की गई है। इससे लोग अपने खास अवसरों को मेट्रो के सुरक्षित और हाई-टेक माहौल में यादगार बना पाएंगे।
Bhopal metro: बुकिंग के नियम और शर्तें
अगर आप भी मेट्रो कोच में कोई इवेंट करना चाहते हैं, तो इसके लिए कार्यक्रम से कम से कम 15 दिन पहले आवेदन करना होगा। यह सुविधा किसी भी व्यक्ति, संस्था या प्रोडक्शन हाउस के लिए उपलब्ध है। बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी, इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है।
Bhopal metro: इवेंट के लिए जेब पर कितना पड़ेगा असर?
मेट्रो में कार्यक्रम करने के लिए शुल्क तय कर दिए गए हैं। अगर आप खड़ी हुई अनडेकोरेटेड मेट्रो कोच बुक करते हैं, तो इसके लिए 5,000 रुपये प्रति घंटा देना होगा। वहीं, चलती हुई मेट्रो कोच के लिए यह चार्ज 7,000 रुपये प्रति घंटा रहेगा। इसके अलावा सुरक्षा के तौर पर 20,000 रुपये जमा करने होंगे, जो नियमों के पालन पर कार्यक्रम के बाद लौटा दिए जाएंगे।
मेहमानों की संख्या और सुरक्षा
पार्टी या फोटोशूट के लिए एक कोच में अधिकतम 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गई है। अगर मेहमानों की संख्या इससे ज्यादा होती है, तो अतिरिक्त लोगों पर मेट्रो के तय किराए के नियम लागू होंगे। इस दौरान सभी को मेट्रो के सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना होगा ताकि यात्रियों और मेट्रो संपत्ति को कोई नुकसान न पहुंचे।
यहां कर सकते हैं आवेदन
Bhopal metro: मेट्रो कोच बुक करने के इच्छुक लोग ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीकों से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट देखी जा सकती है। भोपाल के लिए संबंधित ईमेल आईडी पर संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव के बाद फिर शुरू हुआ खूनी खेल, न्यूटाउन में भाजपा कार्यकर्ता की पत्थर मारकर हत्या



