दिल्ली में प्रवेश वाही बने नए मेयर, कांग्रेस की करारी हार और ‘आप’ के बहिष्कार के बीच खिला कमल

दिल्ली MCD में BJP की बड़ी जीत, प्रवेश वाही बने मेयर AAP के बहिष्कार के बीच एकतरफा रहा चुनाव 156 वोटों से जीत, कांग्रेस को सिर्फ 9 वोट मिले

Delhi mayor: दिल्ली नगर निगम के मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक तरफा जीत हासिल कर अपनी ताकत का लोहा मनवा दिया है। वरिष्ठ पार्षद प्रवेश वाही को दिल्ली का नया महापौर चुना गया है। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार जहीर को इतने बड़े अंतर से शिकस्त दी कि मुकाबला पूरी तरह एकतरफा नजर आया। चुनाव में कुल 165 वोट डाले गए थे और राहत की बात यह रही कि एक भी वोट खराब नहीं हुआ। जब नतीजों का पिटारा खुला तो प्रवेश वाही के खाते में 156 वोट निकले, जबकि जहीर महज 9 वोटों पर सिमट कर रह गए।

सदन में मौजूद होकर भी ‘आप’ ने मोड़ा मुंह

इस बार का चुनाव थोड़ा अलग रहा क्योंकि आम आदमी पार्टी ने मेयर और डिप्टी मेयर की वोटिंग से पूरी तरह दूरी बना ली। वोटिंग के वक्त ‘आप’ के पार्षद, सांसद और विधायक सदन में तो थे लेकिन उन्होंने प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया। हालांकि, पार्टी ने एक स्मार्ट मूव चलते हुए स्थायी समिति के चुनाव में शामिल होने का फैसला किया है। दरअसल, स्थायी समिति की तीन सीटों के लिए तीन ही नाम सामने आए हैं, जिनमें दो बीजेपी के और एक ‘आप’ का है। ऐसे में बिना किसी हंगामे या वोटिंग के तीनों का चुना जाना तय है, इसीलिए ‘आप’ ने वहां अपनी मौजूदगी दर्ज कराना जरूरी समझा।

Delhi mayor: वोटों का गणित और बीजेपी की बिसात

एमसीडी चुनाव का गणित समझना भी काफी रोचक है। यहां कुल 273 वोट होते हैं, जिसमें पार्षदों के साथ-साथ सांसद और विधायक भी हिस्सा लेते हैं। जीत के लिए जादुई आंकड़ा 137 का है। बीजेपी ने न केवल यह आंकड़ा पार किया बल्कि 156 वोट लाकर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। पार्टी के पास अपने 123 पार्षद तो थे ही, साथ ही सांसदों और विधायकों का भी पूरा साथ मिला। रही सही कसर स्वाति मालीवाल के बीजेपी में शामिल होने से पूरी हो गई, जिससे पार्टी की ताकत में और इजाफा हुआ।

Delhi mayor: अनुभव की जीत: कौन हैं प्रवेश वाही?

नए मेयर प्रवेश वाही कोई नया नाम नहीं हैं, उनके पास राजनीति का लंबा और गहरा अनुभव है। वे पूर्वी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम में तीन बार जोन चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में भी काम किया है। फिलहाल वे रोहिणी बी वार्ड से पार्षद हैं और अब दिल्ली की कमान उनके हाथों में है।

डिप्टी मेयर की कुर्सी पर भी कब्जा

Delhi mayor: बीजेपी के लिए यह दोहरी खुशी का मौका रहा क्योंकि मेयर के साथ-साथ डिप्टी मेयर की कुर्सी भी उनकी झोली में आई। डिप्टी मेयर पद के लिए वोटिंग की नौबत ही नहीं आई क्योंकि बीजेपी की मोनिका पंत को इस पद के लिए निर्विरोध चुन लिया गया। कुल मिलाकर दिल्ली एमसीडी के गलियारों में अब पूरी तरह से बीजेपी का दबदबा दिखाई दे रहा है।

 

यह भी पढ़ें: ऊना में दिल दहला देने वाला हादसा: खाई में गिरी कार बनी आग का गोला

 

Related Articles

Back to top button