गोरखपुर में खुशियां मातम में बदली: शादी के तीसरे दिन ही दूल्हे ने दुनिया को कहा अलविदा
शादी के तीसरे दिन दूल्हे ने उठाया खौफनाक कदम मां से बोला- “मैंने जहर खा लिया, मुझे बचा लो” खुशियों का घर पलभर में मातम में बदला

Gorakhpur news: गोरखपुर के शाहपुर इलाके से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप जाए। जिस घर में अभी दो दिन पहले तक शहनाइयां गूंज रही थीं और नई नवेली दुल्हन के आगमन का जश्न मनाया जा रहा था, वहां अब सिर्फ सन्नाटा और चीखें सुनाई दे रही हैं। महज 29 साल के रुद्रनाथ जायसवाल उर्फ मिंशू ने अपनी शादी के तीसरे दिन ही जहर खाकर अपनी जान दे दी। कल तक जो घर खुशियों से चहक रहा था, आज वहां मातम का साया है।
पसंद की शेरवानी पहनी पर जिंदगी का साथ छोड़ दिया
पादरी बाजार के रहने वाले रुद्रनाथ की शादी 25 अप्रैल को महाराजगंज के नौतनवां की रहने वाली लड़की से बड़े धूमधाम से हुई थी। 26 अप्रैल को वह अपनी दुल्हन को विदा कराकर घर लाया था। घरवाले बताते हैं कि रुद्रनाथ इस शादी को लेकर इतना उत्साहित था कि उसने अपनी शेरवानी से लेकर पगड़ी तक की शॉपिंग खुद अपनी पसंद से की थी। विदाई के वक्त भी उसके चेहरे पर वही मुस्कान थी, जो एक दूल्हे के चेहरे पर होनी चाहिए।
Gorakhpur news: आधी रात को छत पर जब मां के उड़े होश
यह खौफनाक मोड़ 27 अप्रैल की रात को आया। रुद्रनाथ दिन भर अपने पिता के होटल पर काम में हाथ बंटाने के बाद घर लौटा और खाना खाकर सोने चला गया। देर रात जब वह छत पर टहल रहा था, तो उसकी मां वहां पहुंच गईं। उन्होंने लाड़ से पूछा कि बेटा इतनी रात को क्यों जाग रहे हो? तब रुद्रनाथ ने जो कहा, उसने मां के पैरों तले जमीन खिसका दी। उसने धीरे से बोला— मां, मैंने जहर खा लिया है, प्लीज मुझे बचा लो।
Gorakhpur news: अस्पताल की दहलीज तक भी नहीं पहुंच पाईं सांसें
बेटे की बात सुनते ही घर में कोहराम मच गया। घरवाले आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल की तरफ भागे, लेकिन बदकिस्मती देखिए कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रुद्रनाथ की सांसों ने उसका साथ छोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। कल तक जो हाथ मेहंदी से रचे थे, आज वो अपनों की अर्थी उठाने को मजबूर हो गए।
आखिर क्यों बुझ गया घर का चिराग?
Gorakhpur news: सबसे बड़ा सवाल जो सबको परेशान कर रहा है वो ये कि आखिर रुद्रनाथ ने ऐसा क्यों किया? पुलिस भी इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है। परिवार का कहना है कि न तो कोई विवाद था और न ही रुद्रनाथ किसी तनाव में दिख रहा था। वह तो अपनी नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर बहुत खुश था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि इस रहस्य से पर्दा उठ सके।
यह भी पढ़ें: ऊना में दिल दहला देने वाला हादसा: खाई में गिरी कार बनी आग का गोला



