गुरुकुल में 11 साल के दिव्यांश की संदिग्ध मौत, शरीर पर चोट और जलने के निशान
15 अप्रैल को पढ़ने गया था बच्चा, कुछ ही दिनों में मौत परिजनों का दावा- बेरहमी से प्रताड़ित कर मार डाला गया पुलिस ने SIT गठित कर शुरू की जांच

Up news: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के गौरिया गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। 11 वर्षीय दिव्यांश द्विवेदी उर्फ दीपू की लखनऊ के एक गुरुकुल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि बच्चे के साथ क्रूरता की सारी हदें पार की गईं पहले उसे बेरहमी से प्रताड़ित किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।
15 अप्रैल को पढ़ने गया, कुछ ही दिनों में मौत
परिजनों के मुताबिक, दिव्यांश को 15 अप्रैल को पढ़ाई के लिए लखनऊ के रानानुज भागवत वेद विद्या गुरुकुल भेजा गया था। सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक बुधवार को गुरुकुल संचालक कन्हैया मिश्रा का फोन आया कि बच्चे की तबीयत खराब है। इसके कुछ ही घंटों बाद गुरुकुल के लोग दिव्यांश को कार से उसके घर छोड़कर चले गए। जब परिवार ने देखा तो बच्चा मृत था, और उसके शरीर की हालत देखकर सब सन्न रह गए।
Up news: शरीर पर चोट, जलने के निशान… परिजनों ने उठाए सवाल
दिव्यांश के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान, काले धब्बे और जलने जैसे घाव मिले हैं। परिवार का कहना है कि ये निशान सामान्य नहीं हैं, बल्कि साफ तौर पर किसी क्रूर प्रताड़ना की ओर इशारा करते हैं। परिजनों का आरोप है कि बच्चे को सिगरेट या किसी गर्म चीज से जलाया गया और बुरी तरह पीटा गया।
Up news: मौत से एक दिन पहले तक था बिल्कुल ठीक
दिव्यांश की बहन ने बताया कि उसने घटना से एक दिन पहले यानी मंगलवार को उससे फोन पर बात की थी और वह बिल्कुल ठीक था। ऐसे में अचानक मौत और शरीर पर चोटों के निशान कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। परिवार को शक है कि डर के कारण बच्चे ने पहले कभी कुछ बताया नहीं।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
दिव्यांश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद भारी आक्रोश है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, SIT गठित
Up news: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम पैनल डॉक्टरों की निगरानी में और वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा। साथ ही एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें: पटना में 10 साल की मासूम की बेरहमी से हत्या, गली में फेंका शव



