पटना में 10 साल की मासूम की बेरहमी से हत्या, गली में फेंका शव
स्कूल ड्रेस में घर से निकली थी बच्ची, 24 घंटे बाद मिली लाश थाने से सिर्फ आधा किलोमीटर दूर वारदात ने खड़े किए सवाल सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

Bihar news: पटना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। 10 साल की मासूम बच्ची घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन अगले ही दिन उसकी लाश कंबल में लिपटी हुई गली में मिली। जिस हालत में शव मिला, उसने हर किसी को अंदर तक हिला दिया है।
घर से दूध देने निकली, फिर नहीं लौटी
मृतका की पहचान रोशनी कुमारी के रूप में हुई है। बुधवार सुबह वह स्कूल ड्रेस पहनकर घर से पास में दूध देने निकली थी। इसके बाद उसे स्कूल जाना था, लेकिन न तो वह स्कूल पहुंची और न ही घर लौटी। देर तक जब बच्ची का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उसी दिन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
Bihar news: थाने से महज आधा किलोमीटर दूर मिला शव
करीब 24 घंटे बाद गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि बाहरी बेगमपुर सती चौरा के पास एक गली में कंबल में लिपटा शव पड़ा है। जब कंबल खोला गया तो वह रोशनी की लाश थी। हैरानी की बात यह है कि जहां शव मिला, वह थाना क्षेत्र से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर है।
Bihar news: शरीर पर कई जख्म, चेहरा लहूलुहान
पुलिस के मुताबिक बच्ची की बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर कई जख्म के निशान मिले हैं और चेहरा पूरी तरह लहूलुहान था। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, इलाके में आक्रोश
बाईपास थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
Bihar news: मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर इतनी छोटी बच्ची के साथ इतनी क्रूरता क्यों की गई।
यह भी पढ़ें: मामा के घर आए 3 मासूम भाई-बहन नदी में डूबे, पूरे गांव में मातम



