गाजियाबाद एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रैवलर की टक्कर से तीन की मौत
सुबह 6 बजे एक्सप्रेसवे पर हुआ बड़ा हादसा खड़ी गाड़ी के पास खड़े युवकों को ट्रैवलर ने मारी टक्कर तेज रफ्तार और लापरवाही बनी मौत की वजह

Up accident: गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। यह हादसा विजयनगर थाना क्षेत्र में आईपीईएम कॉलेज के पास एक्सप्रेसवे के एग्जिट प्वाइंट पर हुआ, जहां एक थार गाड़ी खड़ी थी और उसके पास कुछ युवक बातचीत कर रहे थे।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, थार से उतरे दो युवक एक बाइक सवार से बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक टेंपो ट्रैवलर ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया।
Up accident: मृतकों की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों में दीपक और प्रवीण की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हादसे में एक थार सवार और एक बाइक सवार की मौके पर मौत हुई थी।
Up accident: ट्रैवलर में सवार थीं महिलाएं
जिस टेंपो ट्रैवलर ने टक्कर मारी, वह दिल्ली से हरिद्वार जा रहा था और उसमें 26 महिलाएं सवार थीं। हादसे के बाद पुलिस ने चालक वीरेंद्र को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
तेज रफ्तार पर उठे सवाल
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रैवलर की तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि एक्सप्रेसवे पर वाहन खड़ा होना भी हादसे की वजह बना या नहीं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
Up accident: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हादसों का सिलसिला नया नहीं है। पिछले साल जुलाई में भी एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई थी। उस मामले में भी तेज रफ्तार को ही मुख्य कारण माना गया था।
यह भी पढ़ें: पेशावर में गैस पाइपलाइन धमाका: 8 की मौत, कई झुलसे, रेस्क्यू जारी



