मेरठ में जहरीली शराब का कहर, तीन लोगों की मौत से मचा हड़कंप

मेरठ में देसी शराब पीने के बाद 3 लोगों की मौत जहरीली शराब की आशंका, परिजनों का हंगामा पुलिस ने ठेका सील कर जांच शुरू की

Up news: मेरठ में देसी शराब पीने के बाद तीन लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और शराब पीने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत खराब होने पर उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

 

एसएसपी बोले- पोस्टमार्टम के बाद ही होगा खुलासा

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि फिलहाल मौत के असली कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि शुक्रवार को टेट्रा पैक शराब की कई पेटियां बिकी थीं, लेकिन अभी तक किसी और जगह से ऐसी घटना की सूचना नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के लिए बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

 

परिजनों का हंगामा, जहरीली शराब का आरोप

मृतकों में शामिल बाबूराम के बेटे सचिन के मुताबिक, तबीयत बिगड़ते ही तीनों को टोल प्लाजा के पास एक अस्पताल ले जाया गया। वहां अंकित और जितेंद्र की पहले ही मौत हो गई, जबकि बाबूराम ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने जहरीली शराब पीने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

 

पुलिस जांच में जुटी, शराब का ठेका सील

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित शराब के ठेके को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके से चार शराब के पव्वे भी बरामद हुए हैं, जिनमें तीन ‘दिलकश’ और एक ‘बंटी जीरा मसाला’ ब्रांड का बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी शराब के सेवन से यह हादसा हुआ, हालांकि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी।

Related Articles

Back to top button