युद्ध के बीच राहत: LPG से भरा भारतीय जहाज ‘ग्रीन सान्वी’ सुरक्षित होर्मुज पार
युद्ध के बीच LPG से भरा भारतीय जहाज ‘ग्रीन सान्वी’ सुरक्षित होर्मुज पार 44 हजार मीट्रिक टन गैस लेकर 6 अप्रैल तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद अब भी 17 भारतीय जहाज फंसे, सरकार लगातार कर रही बातचीत

Iran crisis: ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय झंडे वाला एलपीजी टैंकर ‘ग्रीन सान्वी’ सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुका है। इस जहाज में 44,000 मीट्रिक टन से ज्यादा एलपीजी लदी हुई है और इसके 6 अप्रैल तक मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।
ईरानी समुद्री रास्ते से निकला जहाज
ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, ‘ग्रीन सान्वी’ ने ईरान के समुद्री क्षेत्र से होकर एक सुरक्षित कॉरिडोर का इस्तेमाल किया और फिर होर्मुज स्ट्रेट पार कर लिया। इसके बाद जहाज अब मुंबई की ओर बढ़ रहा है। हालांकि खाड़ी में जारी तनाव के कारण भारत में एलपीजी सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है, क्योंकि युद्ध कब तक चलेगा यह साफ नहीं है।
जल्द आ सकते हैं दो और भारतीय टैंकर
भारत के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि जल्द ही दो अन्य एलपीजी टैंकर ‘ग्रीन आशा’ और ‘जग विक्रम’ भी होर्मुज स्ट्रेट पार कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो देश में गैस सप्लाई को लेकर स्थिति और बेहतर हो सकती है।
अब भी 17 भारतीय जहाज फंसे
‘ग्रीन सान्वी’ युद्ध शुरू होने के बाद होर्मुज पार करने वाला सातवां भारतीय जहाज है। हालांकि अभी भी फारस की खाड़ी में 17 भारतीय जहाज फंसे हुए हैं, जो ईरान से क्लियरेंस का इंतजार कर रहे हैं। भारत सरकार इन जहाजों को सुरक्षित निकालने के लिए ईरान से लगातार बातचीत कर रही है। ईरान ने भले ही होर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण कड़ा किया है और टोल वसूला जा रहा है, लेकिन भारत के साथ अच्छे संबंधों के चलते भारतीय जहाजों को कुछ राहत दी जा रही है।



