होर्मुज संकट का असर: पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल महंगा, ईंधन कीमतों में 200% उछाल
होर्मुज संकट से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर सीधा असर ईंधन 200% महंगा, पेट्रोल-डीजल के दाम भी बढ़े फ्लाइट टिकट्स में भारी उछाल, आमq आदमी पर बढ़ेगा बोझ

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बने गतिरोध का असर अब पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर साफ दिखने लगा है। देश में हालात ऐसे हो गए हैं कि लग्जरी गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाला हाई-ऑक्टेन ईंधन अचानक 200% तक महंगा कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार ने हाई-ऑक्टेन पेट्रोल की कीमत में एक झटके में 200 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। यानी जो ईंधन पहले 100 रुपये प्रति लीटर था, अब सीधे 300 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इस फैसले को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई एक हाई-लेवल मीटिंग में मंजूरी दी गई।
पेट्रोल-डीजल की नई कीमतें
नई दरों के अनुसार, पेट्रोल की कीमत 266.17 रुपये से बढ़कर 321.17 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 280.86 रुपये से बढ़कर 335.86 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। हालांकि सरकार का कहना है कि हाई-ऑक्टेन ईंधन की कीमत बढ़ने का सीधा असर पब्लिक ट्रांसपोर्ट या हवाई किराए पर नहीं पड़ेगा, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बता रही है।
कौन-कौन रहा बैठक में शामिल?
इस अहम बैठक में कानून मंत्री आज़म नज़ीर तरार, वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब, सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार और पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज़ मलिक समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी महंगी
ईंधन की कीमत बढ़ने का असर एविएशन सेक्टर पर भी दिखने लगा है। घरेलू उड़ानों के किराए 2800 से बढ़कर 5000 पाकिस्तानी रुपये तक पहुंच गए हैं। वहीं इंटरनेशनल फ्लाइट्स के टिकट में 10,000 से 28,000 रुपये तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है। खासतौर पर मध्य-पूर्व और मध्य एशिया जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में करीब 15,000 रुपये तक की छलांग लगी है। पहले से आर्थिक संकट झेल रहे पाकिस्तान के लिए यह झटका और बड़ा साबित हो सकता है। आम लोगों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ेगा और महंगाई की मार और तेज होने की आशंका है।



