युद्ध के बीच राहत: कतर एयरवेज की उड़ानों से 1600 भारतीयों की घर वापसी
युद्ध के बीच फंसे भारतीयों के लिए राहत की खबर कतर एयरवेज ने 5 फ्लाइट्स से 1600 लोगों को पहुंचाया भारत दूतावास 24x7 मदद में जुटा, सीमित उड़ानों के बीच राहत जारी

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की यात्रा पर भी साफ दिखने लगा है। कई देशों की फ्लाइट्स बाधित हो गई हैं, लेकिन इस मुश्किल समय में कतर एयरवेज ने राहत देने का काम किया है। आज एयरलाइन ने भारत के लिए 5 उड़ानें संचालित कीं, जिनके जरिए करीब 1600 भारतीय नागरिक सुरक्षित अपने देश लौट सके। इनमें दिल्ली के लिए दो फ्लाइट्स और मुंबई, कोच्चि व तिरुवनंतपुरम के लिए एक-एक फ्लाइट शामिल रही।
सीमित उड़ानों के बीच राहत भरी खबर
युद्ध के कारण कतर का हवाई क्षेत्र काफी हद तक बंद है, जिससे सामान्य उड़ान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इसके बावजूद कतर एयरवेज ने सीमित और विशेष उड़ानों का संचालन शुरू किया है। एयरलाइन ने सोमवार से भारत के 9 शहरों के लिए उड़ानें चलाने की घोषणा की है, जिससे फंसे हुए यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है।
बुकिंग को लेकर क्या है अपडेट
कतर में फंसे भारतीय यात्रियों के लिए बुकिंग की सुविधा पहले की तरह जारी है। यात्री कतर एयरवेज की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल एजेंट के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं। साथ ही, जो लोग सड़क मार्ग से सऊदी अरब के रास्ते भारत लौटना चाहते हैं, उनके लिए दोहा स्थित भारतीय दूतावास अस्थायी ट्रांजिट वीजा की सुविधा भी उपलब्ध करा रहा है।
24 घंटे मदद के लिए तैयार दूतावास
दोहा में भारतीय दूतावास पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पासपोर्ट सेवाओं समेत सभी कांसुलर सुविधाएं जारी हैं। इसके अलावा, दूतावास का कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन, ईमेल और व्हाट्सएप सेवाएं 24X7 सक्रिय हैं, ताकि किसी भी भारतीय नागरिक को मदद के लिए इंतजार न करना पड़े।



