मणिपुर में भूकंप के झटके, विधानसभा सत्र 5 मिनट के लिए स्थगित
भूकंप के झटकों से मणिपुर विधानसभा में हड़कंप 4.3 तीव्रता के भूकंप से 5 मिनट के लिए रुकी कार्यवाही कामजोंग में था केंद्र, किसी नुकसान की खबर नहीं

मंगलवार को मणिपुर में भूकंप के झटकों से उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विधानसभा में बजट सत्र चल रहा था। दोपहर करीब 12:08 बजे अचानक कंपन महसूस हुआ, जिसके चलते सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी। उस समय कांग्रेस विधायक दल के नेता के. मेघचंद्र ‘जल जीवन मिशन’ पर अपनी बात रख रहे थे, लेकिन झटके महसूस होते ही उन्होंने तुरंत भाषण रोक दिया।
कितनी थी तीव्रता?
भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई। विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यब्रत सिंह ने स्थिति को देखते हुए सदन को करीब 5 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। इसके बाद हालात सामान्य होने पर कार्यवाही दोबारा शुरू कर दी गई।
कहां था केंद्र?
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मणिपुर के कामजोंग जिले में था और इसकी गहराई जमीन से करीब 45 किलोमीटर नीचे थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।
पहले भी आ चुका है बड़ा भूकंप
मणिपुर पहले भी भूकंप का झटका झेल चुका है। 4 जनवरी 2016 को यहां 6.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा था, जिनमें इम्फाल का प्रसिद्ध इमा कैथेल बाजार भी शामिल है।



