जंग के असर से भारत में कमर्शियल LPG संकट, कई राज्यों में होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत में कमर्शियल LPG की सप्लाई प्रभावित होने लगी है। कई राज्यों में होटल और रेस्टोरेंट गैस की कमी से बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए घरेलू सिलेंडर बुकिंग पर 25 दिन का नियम लागू किया है।

Commercial LPG Supply Crisis India: मध्य पूर्व में जारी तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इसी को देखते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बड़ा फैसला लेते हुए तेल रिफाइनरियों को ज्यादा LPG उत्पादन करने और उसे प्राथमिकता के आधार पर घरेलू उपयोग के लिए उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए घरेलू LPG सिलेंडर की बुकिंग के बीच 25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड लागू कर दिया है। साथ ही आयातित LPG की गैर-घरेलू सप्लाई को फिलहाल अस्पतालों और स्कूल-कॉलेज जैसी जरूरी सेवाओं तक सीमित करने का फैसला लिया गया है।
कई राज्यों में कमर्शियल LPG की सप्लाई प्रभावित
सरकार के इस फैसले का असर अब कई राज्यों में दिखाई देने लगा है। दिल्ली, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत देश के कई हिस्सों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई रुक गई है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे ढाबों पर पड़ा है। बताया जा रहा है कि कई जगहों पर गैस खत्म होने के कारण होटल और रेस्टोरेंट बंद होने लगे हैं, जबकि हजारों कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
दिल्ली में गैस न मिलने से बढ़ी परेशानी
दिल्ली की कई छोटी गैस एजेंसियों में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है। एक गैस एजेंसी मालिक के मुताबिक, “आगे से कमर्शियल गैस नहीं आ रही है, इसलिए हम भी ग्राहकों को सप्लाई नहीं दे पा रहे हैं। इससे लोगों में घबराहट का माहौल बन गया है।” वहीं ग्राहकों का कहना है कि घरेलू सिलेंडर भी अब 25 दिन पूरे होने के बाद ही मिल रहा है। कई लोगों का सिलेंडर 15-20 दिन में खत्म हो गया, लेकिन दोबारा बुकिंग नहीं हो पा रही है। गैस एजेंसियों के बाहर भी सप्लाई रुकने के नोटिस लगाए गए हैं।
मुंबई में 20 फीसदी होटल बंद
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में होटल उद्योग पर इसका बड़ा असर पड़ा है। होटल संगठन ‘आहार’ के मुताबिक गैस की कमी के कारण अब तक करीब 20 फीसदी होटल बंद हो चुके हैं।संगठन का कहना है कि अगर जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो अगले दो-तीन दिनों में मुंबई के करीब 50 फीसदी होटल बंद होने की नौबत आ सकती है। आहार ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri को पत्र लिखकर स्थिति पर चिंता जताई है। यह संगठन महाराष्ट्र में लगभग 8000 छोटे रेस्टोरेंट और होटलों का प्रतिनिधित्व करता है।
कर्नाटक में भी संकट गहराया
कर्नाटक में भी रेस्टोरेंट मालिक गैस की कमी से परेशान हैं। राज्य में करीब 1 लाख होटल और रेस्टोरेंट हैं और एक मध्यम आकार के रेस्टोरेंट को रोजाना लगभग 6 कमर्शियल LPG सिलेंडर की जरूरत होती है। तेल कंपनियों ने अचानक कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी है, जिससे कई रेस्टोरेंट के पास सिर्फ एक-दो दिन का स्टॉक बचा है। बेंगलुरु में लकड़ी या कोयले से खाना बनाना प्रतिबंधित है, इसलिए करीब 40 हजार रेस्टोरेंट बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं बाजार में एक सिलेंडर की कीमत करीब 1950 रुपये है, लेकिन ब्लैक मार्केट में यह 3000 रुपये तक में बिक रहा है।
जयपुर में भी सप्लाई में देरी
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी LPG सप्लाई में देरी हो रही है। होटल और रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि गैस नहीं मिलने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। फेडरेशन ऑफ होटल एसोसिएशन राजस्थान के प्रतिनिधि गजेंद्र लूनीवाल के मुताबिक, “अगर जल्द सिलेंडर की सप्लाई नहीं हुई तो होटल-रेस्टोरेंट चलाना मुश्किल हो जाएगा। सरकार को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए।”
हरियाणा में कालाबाजारी रोकने की तैयारी
हरियाणा सरकार ने भी LPG की कालाबाजारी रोकने के लिए कदम उठाए हैं। राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री Rajesh Nagar ने बताया कि केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार फिलहाल कमर्शियल LPG की सप्लाई सीमित की गई है। साथ ही घरेलू सिलेंडर बुकिंग के बीच 21 से 25 दिन का अंतर रखने की एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाई जा सके। राज्य सरकार ने सभी जिलों में गैस सिलेंडर की रोजाना रिपोर्टिंग के निर्देश भी जारी किए हैं।



