अमेरिका में जल्द उड़ेंगी इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी, सरकार ने 8 पायलट प्रोजेक्ट्स को दी मंजूरी
अमेरिका में इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी प्रोजेक्ट को सरकार की मंजूरी मिल गई है। न्यूयॉर्क समेत कई शहरों में eVTOL एयरक्राफ्ट के जरिए पैसेंजर और कार्गो सर्विस की टेस्टिंग होगी। सफल होने पर यह प्रोजेक्ट शहरी ट्रांसपोर्ट और मेडिकल इमरजेंसी सेवाओं की तस्वीर बदल सकता है।

America Electric Air Taxi: अमेरिका में जल्द ही आसमान में इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी उड़ती नजर आ सकती हैं। अमेरिकी सरकार ने एक नए प्रोग्राम के तहत कई पायलट प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इन प्रोजेक्ट्स के तहत न्यूयॉर्क समेत कई शहरों में बिजली से चलने वाली एयर टैक्सी की टेस्टिंग शुरू की जाएगी।अमेरिकी परिवहन विभाग (US Transportation Department) के मुताबिक, एडवांस्ड एयर मोबिलिटी और इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेकऑफ एंड लैंडिंग (eVTOL) इंटीग्रेशन पायलट प्रोग्राम के तहत कुल 8 प्रस्तावों को चुना गया है। इन प्रोजेक्ट्स की रूपरेखा सबसे पहले पिछले साल तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जारी एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर में सामने आई थी। विभाग को इस प्रोग्राम के लिए 30 से ज्यादा प्रस्ताव मिले थे।
2 दर्जन से ज्यादा राज्यों में होंगे प्रोजेक्ट
डिपार्टमेंट ने ब्लूमबर्ग के साथ साझा किए गए बयान में बताया कि चुने गए प्रोजेक्ट्स अमेरिका के दो दर्जन से ज्यादा राज्यों में लागू किए जाएंगे। न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी के पोर्ट अथॉरिटी के साथ Joby Aviation, Archer Aviation, BETA Technologies और Electra.aero जैसी कंपनियां साझेदारी में काम करेंगी। इस प्रोजेक्ट के तहत मैनहट्टन हेलिपोर्ट पर एयर टैक्सी के पैसेंजर ऑपरेशन समेत कई अलग-अलग ऑपरेशनल मॉडल की टेस्टिंग की जाएगी।
पैसेंजर एयर टैक्सी के साथ होंगे कई और प्रयोग
इस पायलट प्रोजेक्ट के दौरान डलास, ऑस्टिन, सैन एंटोनियो और बाद में ह्यूस्टन जैसे शहरों को जोड़ने वाली रीजनल फ्लाइट्स का भी परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा नॉर्थ कैरोलिना, पेंसिल्वेनिया, उटाह, फ्लोरिडा, लुइसियाना और अल्बुकर्क जैसे शहरों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। इन प्रोजेक्ट्स में सिर्फ पैसेंजर एयर टैक्सी ही नहीं, बल्कि कार्गो डिलीवरी, मेडिकल इमरजेंसी फ्लाइट्स, रीजनल ट्रैवल और कुछ स्थानों पर ऑटोनॉमस फ्लाइट्स की भी टेस्टिंग की जाएगी।
कंपनियों ने क्या कहा?
Archer Aviation के फाउंडर और CEO एडम गोल्डस्टीन ने कहा कि व्हाइट हाउस, FAA और ट्रांसपोर्टेशन डिपार्टमेंट की ओर से यह अब तक का सबसे मजबूत संकेत है कि अमेरिका में एयर टैक्सी को जल्द बाजार में लाना सरकार की प्राथमिकता है। वहीं BETA Technologies सबसे ज्यादा, यानी 7 प्रोजेक्ट्स में शामिल है। कंपनी के CEO काइल क्लार्क का कहना है कि इस प्रोग्राम से उन्हें ऐसे मिशन शुरू करने का मौका मिलेगा जिससे पूरे अमेरिका में छोटे-बड़े इलाकों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी, खासकर जरूरी सामान और मेडिकल सहायता पहुंचाने में। Electra.aero के CEO मार्क एलन के मुताबिक उनकी कंपनी हाइब्रिड-इलेक्ट्रिक एयरक्राफ्ट बनाती है, जो बेहद कम जगह से भी उड़ान भरने और उतरने में सक्षम है।
बदल सकती है अमेरिकी शहरों की तस्वीर
FAA के डिप्टी एडमिनिस्ट्रेटर क्रिस रोशेल्यू ने कहा कि ये साझेदारियां यह समझने में मदद करेंगी कि इन नए एयरक्राफ्ट को अमेरिका के नेशनल एयरस्पेस सिस्टम में सुरक्षित और प्रभावी तरीके से कैसे शामिल किया जाए। अगर यह प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो आने वाले समय में अमेरिकी शहरों में इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी, मेडिकल फ्लाइट्स और कार्गो डिलीवरी आम बात हो सकती है, जिससे शहरी परिवहन की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।



