₹2 के विवाद में सनकी युवक बना हैवान, दुकानदार की उंगली दांतों से काटकर अलग
₹2 के विवाद में सनकी युवक ने दुकानदार पर किया खौफनाक हमला सिगरेट के पैसे को लेकर शुरू हुई कहासुनी बनी हिंसक झड़प दांतों से उंगली काटकर अलग की, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

Up news: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के बिल्हौर कस्बे में एक मामूली विवाद ने हैरान कर देने वाली घटना का रूप ले लिया। महज ₹2 के पैसे को लेकर हुए झगड़े में एक युवक ने दुकानदार पर ऐसा हमला किया कि दांतों से काटकर उसकी उंगली ही अलग कर दी। घटना रविवार सुबह की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
क्या था पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक बिल्हौर के गोल मार्केट के सामने महाराणा प्रताप नगर निवासी दीपू अंडे और बेकरी की दुकान चलाते हैं। रविवार सुबह एक युवक उनकी दुकान पर सिगरेट लेने आया। सिगरेट पीने के बाद जब पैसे देने की बात आई तो युवक ₹7 की जगह केवल ₹5 देने पर अड़ गया। दीपू ने पूरे पैसे मांगे तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
धक्का-मुक्की के बीच किया हमला
कुछ देर बाद वही युवक दोबारा दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। इसी दौरान युवक ने अचानक दीपू के बाएं हाथ की उंगली को दांतों से जोर से काट लिया, जिससे उंगली कटकर जमीन पर गिर गई।
लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
उंगली कटते ही दीपू दर्द से चीखने लगे और उनका हाथ बुरी तरह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



