दिल्ली के नांगलोई में अचार फैक्टरी में हादसा, मजदूर को बचाने उतरे मालिक और बेटे

अचार के कुएं में उतरा मजदूर हुआ बेहोश, बचाने पहुंचे मालिक और बेटे। ऑक्सीजन की कमी से कुएं के अंदर बेहोश हुए चार लोग। मालिक और बेटे की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नांगलोई इलाके में शनिवार को एक अचार फैक्टरी में दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्टरी के अंदर बने अचार के कुएं में गिरने से फैक्टरी मालिक और उनके बेटे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह फैक्टरी एक आवासीय इमारत के बेसमेंट में चल रही थी। फैक्टरी मालिक अनिल इसी मकान की पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते थे। जानकारी के मुताबिक एक मजदूर को बचाने की कोशिश में बाप-बेटे की जान चली गई।

 

मकान के बेसमेंट में चल रही थी अचार फैक्टरी

पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया है कि फैक्टरी में करीब 10 फुट गहरे चार से पांच कुएं बनाए गए थे, जिनमें अचार को तैयार कर रखा जाता था। शनिवार को एक मजदूर काम के सिलसिले में इन कुओं में से एक में उतरा, लेकिन अंदर ऑक्सीजन की कमी होने की वजह से वह बेहोश हो गया।

 

मजदूर को बचाने उतरे मालिक और बेटे

मजदूर को गिरते देख फैक्टरी मालिक अनिल और उनके दो बेटे नीरज (32) और संदीप (28) उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गए। लेकिन कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी होने के कारण वे भी बेहोश हो गए।

 

दो लोगों की मौत, जांच शुरू

शोर सुनकर अनिल के भाई सुभाष और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को कुएं से बाहर निकाला। मजदूर और संदीप को होश आ गया, लेकिन अनिल और उनके बेटे नीरज को होश नहीं आया। दोनों को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि फैक्टरी में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

Related Articles

Back to top button