ईरान को अमेरिका की सख्त चेतावनी, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ बोले: जहां भी अमेरिकियों को धमकी दी, वहां मार गिराएंगे
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को दी कड़ी चेतावनी कहा– दुनिया में कहीं भी अमेरिकियों को धमकी दी तो करेंगे सीधी कार्रवाई ड्रोन हमले में 6 अमेरिकी सैनिकों की मौत के बाद अमेरिका का सख्त रुख

वॉशिंगटन: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दुनिया में कहीं भी अमेरिकियों को धमकी दी गई, तो अमेरिका बिना किसी झिझक के कार्रवाई करेगा।
अमेरिकियों पर हमला बर्दाश्त नहीं
पेंटागन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिकी नागरिकों या सैनिकों पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर किसी ने अमेरिकियों को निशाना बनाया, तो अमेरिका उसका पीछा करेगा और उसे खत्म कर देगा। यह बयान उस घटना के बाद आया है जिसमें कुवैत में हुए एक ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई थी। इसी के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
“नो अपोलॉजी, नो हेसिटेशन”
हेगसेथ ने अपने बयान में “नो अपोलॉजी, नो हेसिटेशन” शब्दों का इस्तेमाल किया। उनका कहना है कि अमेरिका बिना किसी माफी और बिना किसी झिझक के कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर ईरान की मिसाइल क्षमता, नौसेना और परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाया जा सकता है।
बढ़ सकता है क्षेत्रीय तनाव
विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका का यह सख्त बयान क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकता है। वहीं ईरान की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। हालांकि अमेरिका का दावा है कि वह इस संघर्ष में आसमान पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए हुए है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह संघर्ष अनंत नहीं होगा, लेकिन इसका उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना है।



