कोटा के तलवंडी में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत ढही, रेस्टोरेंट में मौजूद कई लोग दबे

कोटा के तलवंडी इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत भरभराकर गिरी ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी मलबे में दबे मौके पर पुलिस-प्रशासन, 8–10 लोगों को निकाला गया, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Rajashthan news: कोटा जिले के जवाहर नगर थाना क्षेत्र के तलवंडी इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक नॉनवेज रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, जहां कई लोग खाना खा रहे थे। आशंका है कि मलबे में कई लोग दबे हुए हैं।

 

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। शनिवार रात करीब 9 बजे हुई इस घटना के बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।

 

रेस्टोरेंट में मौजूद थे ग्राहक और कर्मचारी

जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त रेस्टोरेंट में ग्राहक मौजूद थे और वहां 12 से 15 कर्मचारी भी काम कर रहे थे। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि बिल्डिंग के अंदर कुल कितने लोग थे, लेकिन कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

 

धमाके जैसी आवाज के बाद ढही इमारत

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक पटाखों जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिसके कुछ ही पलों बाद पूरी बिल्डिंग नीचे गिर गई। मलबे के नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पीछे की बिल्डिंग में चल रहा था निर्माण कार्य

स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत के पीछे एक अन्य निर्माणाधीन मकान में कई दिनों से ड्रिल मशीन और हैमर से काम चल रहा था। लगातार हो रहे कंपन की वजह से बिल्डिंग कमजोर हो गई थी, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है।

 

विधायक भी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इमारत पूरी तरह धंस गई है और कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अब तक 8 से 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। राहत और बचाव कार्य लगातार चल रहा है।

Related Articles

Back to top button