बेंगलुरु: शादी का झांसा देकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर से डेढ़ करोड़ की ठगी, पूरा परिवार शामिल

मैट्रिमोनियल साइट पर शुरू हुआ रिश्ता, शादी का झांसा देकर ठगी खुद को अरबों की संपत्ति वाला बिजनेसमैन बताकर जीता भरोसा पत्नी और पिता के साथ मिलकर डेढ़ करोड़ से ज्यादा का फ्रॉड

Banglore cyber fraud: बेंगलुरु से शादी के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा युवक ने खुद को अमीर बिजनेसमैन बताकर एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर से डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

क्या है पूरा मामला?

व्हाइटफील्ड में रहने वाली महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पुलिस को बताया कि मार्च 2024 में उसकी मुलाकात एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर विजय राज गौड़ा उर्फ विजेथ बी. नाम के युवक से हुई थी। विजेथ ने खुद को हाई-प्रोफाइल बिजनेसमैन बताया और दावा किया कि उसकी कंपनी VRG एंटरप्राइजेज है, जिसके पास ट्रकों का बेड़ा, स्टोन क्रशर और बेंगलुरु के पॉश इलाकों में महंगी प्रॉपर्टी है। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने 2019 के प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़ा एक दस्तावेज भी दिखाया, जिसमें वह आरोपी के तौर पर दर्ज था। उसने बताया कि उसकी कई संपत्तियां फ्रीज हैं और उसकी कुल नेटवर्थ करीब ₹715 करोड़ है।

 

धीरे-धीरे शुरू हुआ आर्थिक शोषण

शादी की बात तय होने के बाद अप्रैल 2024 से पैसों की मांग शुरू हुई। पहले 15 हजार रुपये मांगे गए, फिर बिजनेस इन्वेस्टमेंट के नाम पर रकम लगातार बढ़ती चली गई। आरोपी ने महिला को लोन लेने और दोस्तों-रिश्तेदारों से पैसे मांगने के लिए मजबूर किया। कुछ ही महीनों में महिला के सहकर्मियों और दोस्तों से करीब ₹89 लाख और माता-पिता से ₹28 लाख से ज्यादा की रकम निकलवा ली गई, जिसमें उसकी मां की रिटायरमेंट सेविंग भी शामिल थी। इतना ही नहीं, महिला से उसके गहने गिरवी रखवाकर ₹10 लाख और निकलवाए गए। पीड़िता के मुताबिक, उसने HDFC, केनरा बैंक, ICICI और बैंक ऑफ बड़ौदा के पांच खातों से आरोपी को कुल ₹1.75 करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर किए। हालांकि दिखावे के तौर पर करीब ₹22.5 लाख वापस किए गए, लेकिन डेढ़ करोड़ से ज्यादा की रकम अब भी नहीं लौटाई गई।

 

पिता और पत्नी भी निकले साजिशकर्ता

आरोपी के पिता बोरे गौड़ा, जिन्होंने खुद को रिटायर्ड तहसीलदार बताया, ने कंपनी के चेक गारंटी के तौर पर देकर भरोसा और मजबूत किया। लेकिन जब महिला पैसे वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची तो सच्चाई सामने आ गई। उसे पता चला कि विजेथ पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। जिस महिला को अब तक उसकी बहन बताया जा रहा था, वह असल में उसकी पत्नी सौम्या निकली।

 

धमकी देने का भी आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने सवाल किए तो आरोपी और उसका परिवार आक्रामक हो गया और उसे व उसके दोस्तों को जान से मारने की धमकी दी गई।

 

पुलिस जांच में जुटी

महिला की शिकायत पर पुलिस ने विजेथ बी., उसके पिता बोरे गौड़ा यू.जे. और पत्नी सौम्या के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस बैंक ट्रांजैक्शन, दस्तावेजों और आरोपी द्वारा दिखाए गए कोर्ट ऑर्डर की सच्चाई की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button