राहुल गांधी का इंदौर दौरा: पीड़ित परिवारों से मिले, सरकार पर उठाए सवाल

दूषित पानी से मौतों के बीच राहुल गांधी का इंदौर दौरा भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मिले, सरकार पर उठाए सवाल सीएम मोहन यादव ने दौरे को बताया “लाशों पर राजनीति”

Madhya pradesh: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज मध्य प्रदेश के इंदौर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दूषित पानी से प्रभावित भागीरथपुरा इलाके में पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इसके बाद राहुल गांधी बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। गौरतलब है कि भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे इलाके में भारी आक्रोश है।

 

पीड़ितों से मिलने के बाद राहुल गांधी का बयान

पीड़ित परिवारों से बातचीत के बाद राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने ऐसे परिवारों से मुलाकात की है, जिनके अपनों की जान गई है। सभी परिवारों का कहना है कि पानी पीने के बाद ही लोग बीमार पड़े और उनकी मौत हुई। राहुल गांधी ने कहा, “इंदौर जैसे शहर में अगर लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा और पानी पीने से मौत हो रही है, तो यह बेहद गंभीर मामला है।” उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि साफ पानी उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन यह जिम्मेदारी ठीक से निभाई नहीं जा रही। उन्होंने इसे सरकार के “अर्बन मॉडल” की विफलता बताया और कहा कि सिर्फ इंदौर ही नहीं, देश के कई शहरों में ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। राहुल गांधी ने कहा, “आज मीडिया और देश का ध्यान यहां है, इसलिए व्यवस्था थोड़ी सुधरी हुई दिख रही है। लेकिन जैसे ही ध्यान हटेगा, हालात फिर वैसे ही हो जाएंगे।” उन्होंने साफ किया कि वे राजनीति करने नहीं, बल्कि विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने आए हैं। राहुल गांधी ने कहा, “मेरी जिम्मेदारी है कि लोगों को साफ पानी मिले और मैं यह सुनिश्चित करने की कोशिश करूंगा।”

 

राहुल गांधी के दौरे से पहले सीएम मोहन यादव का बयान

राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का भागीरथपुरा आना “लाशों पर राजनीति” है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि घटना के बाद राज्य सरकार ने घायलों का इलाज कराया, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की और एक IAS अधिकारी को सस्पेंड भी किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि 15 दिन बाद इस मुद्दे को उठाने का राहुल गांधी को क्या अधिकार है। मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी को विपक्ष की भूमिका निभानी है तो वे उन राज्यों में जाएं, जहां कांग्रेस की सरकारें हैं। उन्होंने कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी ऐसी घटनाएं हुई हैं। सीएम ने यह भी दावा किया कि शुद्ध नर्मदा जल की सप्लाई के लिए सरकार ने कई SOP जारी की हैं और लगातार जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button