चिप्स के पैकेट में मिले गुब्बारे से 6 साल के मासूम की मौत, गांव में मातम

चिप्स के पैकेट से निकले गुब्बारे ने छीनी मासूम की जान खेल-खेल में गले में फंसा बैलून, सांस रुकने से मौत गांव में मातम, पैकेट फूड की सुरक्षा पर उठे सवाल

Balloon accident news: जिले के बेगुनिया ब्लॉक के निधिपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चिप्स के पैकेट में मिले एक छोटे गुब्बारे की वजह से छह साल के मासूम बच्चे की जान चली गई। मृतक बच्चे की पहचान तापस पैकराय के रूप में हुई है, जो अभय पैकराय का बेटा था। परिजनों के अनुसार, तापस ट्यूशन से लौटने के बाद घर पर चिप्स खा रहा था। इसी दौरान चिप्स के पैकेट के अंदर उसे एक छोटा गुब्बारा मिला। मासूम ने उसे खिलौना समझकर मुंह से फुलाने की कोशिश की, लेकिन अचानक गुब्बारा उसके गले में फंस गया। इसके बाद बच्चे को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी।

 

अस्पताल में नहीं बच सकी जान

घबराए परिजन तुरंत बच्चे को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसके गले में फंसे गुब्बारे को निकालने की भरपूर कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालत लगातार बिगड़ने पर तापस को खुर्दा जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

पिता का दर्द छलका

बच्चे के पिता अभय पैकराय ने बताया कि तापस ट्यूशन से लौटने के बाद ब्रेड चॉप खाने की जिद कर रहा था। वे बाहर से ब्रेड चॉप लेने गए थे। जब लौटे तो घर के सामने लोगों की भीड़ लगी हुई थी। पत्नी से पूछने पर पता चला कि बेटे ने चिप्स के पैकेट से गुब्बारा निकालकर उसे फुलाने की कोशिश की थी, तभी वह गले में फंस गया और सांस रुक गई।

 

गांव में शोक, लोगों में आक्रोश

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों में चिप्स के पैकेट में इस तरह की खतरनाक चीज मिलने को लेकर गहरा आक्रोश है और मामले की जांच की मांग की जा रही है।

Related Articles

Back to top button