ईरान विरोधी प्रदर्शन की आग अमेरिका तक पहुंची, लॉस एंजेलिस में रैली के दौरान ट्रक से हमला
ईरान विरोधी आंदोलन की गूंज अब अमेरिका और यूरोप तक पहुंच गई है लॉस एंजेलिस में रैली के दौरान ट्रक से हमला, कई प्रदर्शनकारी घायल पेरिस में हजारों लोगों ने ईरानी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में निकाला मार्च

ईरान में लंबे समय से जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर असर दिखाना शुरू कर दिया है। इन प्रदर्शनों में अब तक 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं। इसी बीच अमेरिका के लॉस एंजेलिस शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां ईरान में जारी आंदोलन के समर्थन में निकाली जा रही एक रैली के दौरान एक ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया। यह रैली ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस मोहम्मद रेजा पहलवी के समर्थकों द्वारा निकाली गई थी।
कैसे हुआ हमला?
जानकारी के अनुसार, लॉस एंजेलिस के वेस्टवुड इलाके में विलशायर फेडरल बिल्डिंग के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए थे। इसी दौरान ईरान की राजशाही के विरोधी संगठन MEK का स्टिकर लगे एक ट्रक ने अचानक भीड़ में घुसकर प्रदर्शनकारियों को कुचल दिया और मौके से फरार होने की कोशिश की। इस हमले में कई लोग घायल हो गए।
ट्रक पर लिखा था राजनीतिक संदेश
हमले में शामिल ट्रक पर ईरान के इतिहास से जुड़ा एक राजनीतिक संदेश लिखा हुआ था। इसमें 1953 के तख्तापलट का जिक्र करते हुए लिखा था: “No Regime” और “America, don’t repeat 1953”। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने आरोपी पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने हालात को संभाल लिया।
पेरिस में भी दिखा समर्थन
ईरान में बेरोजगारी और भुखमरी के खिलाफ उठी आवाज अब दुनिया के अन्य देशों में भी सुनाई देने लगी है। रविवार को फ्रांस की राजधानी पेरिस में हजारों लोगों ने ईरानी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में मार्च निकाला। इस दौरान कई लोगों के हाथों में ईरानी राजशाही के झंडे दिखे, वहीं कुछ लोग इज़रायल और अमेरिका के झंडे भी लहराते नजर आए। प्रदर्शनकारी निर्वासित क्राउन प्रिंस रेज़ा पहलवी की सत्ता में वापसी की मांग कर रहे थे।



