पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू किसान की हत्या, आरोपी जमींदार गिरफ्तार
जमीन विवाद में 23 वर्षीय हिंदू किसान कैलाश कोहली की गोली मारकर हत्या घटना के बाद सिंध में हिंदू समुदाय का जोरदार विरोध प्रदर्शन जन दबाव के बाद आरोपी जमींदार और उसका साथी गिरफ्तार

Hindu in pakistan: पाकिस्तान के सिंध प्रांत से हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। बादिन जिले के तलहार गांव में 23 वर्षीय हिंदू किसान कैलाश कोहली की कथित तौर पर उसके जमींदार ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात जमीन पर शेल्टर बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस के मुताबिक, 4 जनवरी को कैलाश कोहली निजामानी की जमीन पर शेल्टर बना रहा था, जिसका जमींदार सरफराज निजामानी ने विरोध किया। विवाद बढ़ने पर निजामानी ने कथित तौर पर कैलाश को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल कैलाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार
SSP बादिन कमर रजा जस्कानी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और शनिवार रात हैदराबाद के फतेह चौक इलाके से जमींदार सरफराज निजामानी और उसके साथी जफरुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के बाद भड़का आक्रोश
इस घटना के बाद सिंध में हिंदू समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों लोगों ने बादिन में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और धरने दिए। पीड़ित के भाई पून कुमार कोहली ने हत्या के खिलाफ FIR दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई।
जन दबाव में हुई कार्रवाई
सिंध में हिंदू अल्पसंख्यकों के लिए काम करने वाले वेलफेयर ट्रस्ट के प्रमुख शिव काची ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी सार्वजनिक दबाव का नतीजा है। उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहे, जब तक IG पुलिस सिंध जावेद अख्तर ओधो ने पीड़ित परिवार से संपर्क कर गिरफ्तारी की जानकारी नहीं दी। शिव काची ने निष्पक्ष जांच और सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि इससे अल्पसंख्यक समुदाय का भरोसा प्रशासन पर बहाल हो सकेगा और भविष्य में ऐसे अपराधों पर रोक लगेगी।



