मुरैना में बीजेपी नेता की तेज रफ्तार कार से बड़ा हादसा, बालक समेत दो की मौत

मुरैना में सड़क हादसा, बालक समेत 2 की मौत बीजेपी नेता की तेज रफ्तार और शराब में ड्राइविंग पर आरोप ग्रामीणों ने पकड़ा और पुलिस हिरासत से फरार, बाद में गिरफ्तार

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के मुरैना ज़िले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पोरसा थाना क्षेत्र के जोटई रोड पर तेज रफ्तार कार ने पांच लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में एक बच्चे सहित दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। मृतकों की पहचान रामदत्त राठौर (65 वर्ष) और अर्नव लाक्षाकार (10 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों राठौर मोहल्ला बायपास रोड, वार्ड क्रमांक-3 पोरसा के रहने वाले थे। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बीजेपी नेता दीपेंद्र भदौरिया को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि लोगों की पिटाई से उसके नाक से खून तक निकल आया। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

शराब के नशे में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीजेपी नेता दीपेंद्र भदौरिया शराब के नशे में तेज रफ्तार से कार चला रहा था। हादसे के वक्त जोटई रोड बायपास चौराहे के पास कुछ लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव के पास बैठे हाथ सेक रहे थे। इसी दौरान एमपी 06 सीए 5172 नंबर की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय लापरवाही से वाहन चलाना जारी रखा और आगे जाकर एक अन्य गाड़ी को भी टक्कर मार दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पोरसा पुलिस के हवाले कर दिया।

 

पुलिस हिरासत से भागने का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा

हादसे के बाद मामला और गंभीर तब हो गया, जब आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते बीजेपी नेता फरार हुआ। हालांकि बढ़ते आक्रोश और दबाव को देखते हुए पुलिस ने बाद में आरोपी दीपेंद्र भदौरिया को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Related Articles

Back to top button