ग्रेटर नोएडा वेस्ट: 10वीं की छात्रा की आत्महत्या, स्कूल शिक्षकों पर गंभीर आरोप

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी सोसाइटी में 15 वर्षीय छात्रा ने 8वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। परिवार ने निजी स्कूल के शिक्षकों पर मानसिक उत्पीड़न और अपमान का आरोप लगाया है। बिसरख पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, स्कूल का पक्ष आरोपों से इनकार करता है।

Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। बिसरख थाना क्षेत्र की गौर सिटी सोसाइटी (4 एवेन्यू) में 22 दिसंबर की रात कक्षा 10वीं की 15 वर्षीय छात्रा ने अपने फ्लैट की 8वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शुरुआती जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ था। उस समय पढ़ाई के दबाव और मानसिक तनाव को आत्महत्या का संभावित कारण बताया गया था। परिवार ने पुलिस को जानकारी दी थी कि छात्रा परीक्षा की तैयारी को लेकर तनाव में थी।

अब इस मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के पिता रवि रंजन ने एक निजी पब्लिक स्कूल के शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि 22 दिसंबर को उनकी बेटी गलती से मोबाइल फोन स्कूल ले गई थी। इस बात पर शिक्षकों ने कक्षा के दौरान उसे सख्त डांट लगाई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। परिवार का आरोप है कि इसी अपमान और मानसिक दबाव के कारण छात्रा बेहद टूट गई थी। स्कूल से घर लौटने के बाद वह काफी गुमसुम थी और सीधे अपने कमरे में चली गई। देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

बिसरख पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल चुकी है, स्कूल के शिक्षकों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली गई है। वहीं स्कूल की प्रधानाचार्य ने सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि किसी भी छात्र का मानसिक उत्पीड़न नहीं किया जाता। उनके मुताबिक उस समय परीक्षा चल रही थी और छात्रा कक्षा में मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button