शादी के 24 घंटे में ही टूटा रिश्ता, पुणे में इंजीनियर-डॉक्टर कपल का चौंकाने वाला तलाक

शादी के महज 24 घंटे के भीतर पति-पत्नी ने आपसी सहमति से लिया तलाक का फैसला। लव मैरिज के बाद साथ रहने और भविष्य की नौकरी को लेकर सामने आए गहरे मतभेद। कोर्ट में बिना किसी विवाद या आरोप के शांतिपूर्वक पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया।

महाराष्ट्र के पुणे से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां लंबे समय तक एक-दूसरे को जानने के बाद शादी के बंधन में बंधा कपल महज 24 घंटे के भीतर अलग हो गया। शादी के अगले ही दिन पति-पत्नी ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया, जिससे यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।जानकारी के मुताबिक, युवक पेशे से इंजीनियर है, जबकि युवती डॉक्टर हैं। दोनों की यह लव मैरिज थी और शादी से पहले वे करीब दो से तीन साल तक एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, शादी के बाद साथ रहने और भविष्य की जीवनशैली को लेकर दोनों के बीच गंभीर मतभेद सामने आ गए।

 

शादी के बाद सामने आए गहरे मतभेद

इस पूरे मामले में तलाक की प्रक्रिया संभालने वाली वकील रानी सोनावाने ने बताया कि पति-पत्नी के बीच वैचारिक मतभेद इतने ज्यादा थे कि उन्होंने बिना किसी देरी के अलग होने का फैसला कर लिया। वकील के अनुसार, यह फैसला पूरी तरह आपसी सहमति से लिया गया और इसमें किसी तरह की हिंसा या आपराधिक आरोप शामिल नहीं हैं। उन्होंने बताया कि शादी के बाद युवक ने अपनी नौकरी को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उसने पत्नी को बताया कि वह जहाज पर काम करता है और उसकी पोस्टिंग कब और कहां होगी, यह तय नहीं रहता। साथ ही, यह भी स्पष्ट नहीं था कि वह कितने समय तक घर से दूर रहेगा।

अनिश्चित भविष्य बना अलगाव की वजह

वकील ने बताया कि पत्नी को यह अनिश्चित जीवनशैली स्वीकार नहीं थी। इसी वजह से दोनों ने यह महसूस किया कि साथ रहना भविष्य में और ज्यादा परेशानियों का कारण बन सकता है। ऐसे में दोनों ने समझदारी दिखाते हुए आपसी सहमति से अलग होने का रास्ता चुना। गौरतलब है कि जहां भारत में तलाक के मामले अक्सर सालों तक अदालतों में चलते रहते हैं, वहीं इस केस में कानूनी प्रक्रिया बेहद शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई और शादी के 24 घंटे के भीतर ही रिश्ता खत्म हो गया।

Related Articles

Back to top button