बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा: NCP के खुलना प्रमुख मोतलेब सिकदर को सरेआम मारी गई गोली
हसीना विरोधी आंदोलन से बनी पार्टी के नेता पर खुलना में हमला, हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

Bangladesh: बांग्लादेश में हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद अब नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी (NCP) के खुलना प्रमुख मोतलेब सिकदर पर जानलेवा हमला हुआ है। अज्ञात हमलावरों ने खुलना के सोनाडांगा इलाके में उन्हें सरेआम गोली मार दी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग सिकदर को गंभीर हालत में खुलना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, गोली उनके सिर के बाईं ओर लगी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हसीना विरोधी आंदोलन से बनी NCP
नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी का गठन पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ हुए बड़े आंदोलन के बाद किया गया था। इस पार्टी में वे लोग शामिल हैं, जो हसीना सरकार के खिलाफ आंदोलन में सक्रिय थे। NCP से बड़ी संख्या में ढाका यूनिवर्सिटी के छात्र भी जुड़े हुए हैं। यह पार्टी बांग्लादेश में पहली बार चुनावी मैदान में उतर रही है।
लेबर रैली की तैयारी के दौरान हुआ हमला
बताया जा रहा है कि मोतलेब सिकदर खुलना में पार्टी की एक डिवीजनल लेबर रैली आयोजित करने की तैयारियों में जुटे थे, जो जल्द होने वाली थी। इसी दौरान उन पर हमला किया गया।NCP की खुलना मेट्रोपॉलिटन यूनिट के आयोजक सैफ नवाज के मुताबिक, सिकदर पार्टी के केंद्रीय आयोजक हैं और NCP की लेबर विंग ‘जातीय श्रमिक शक्ति’ के खुलना डिवीजनल संयोजक भी हैं।
इलाके में पुलिस तैनात, जांच जारी
सोनाडांगा मॉडल पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज (इन्वेस्टिगेशन) अनिमेष मंडल ने बताया कि सिकदर को बदमाशों ने गोली मारी थी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही और जानकारी साझा की जाएगी।



