खंडवा में नमाज से पहले दिल दहला देने वाली घटना, मस्जिद में वजू करते समय आया हार्ट अटैक

इशा की नमाज से पहले मस्जिद में हुआ हादसा वजू करते समय अचानक आया हार्ट अटैक पूरी घटना CCTV कैमरे में हुई कैद

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मौत ने इतनी खामोशी से दस्तक दी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। शहर के हरिगंज इलाके में स्थित जामा मस्जिद में इशा की नमाज पढ़ने पहुंचे मस्जिद कमेटी के सदस्य हाजी शेख अलीम ठेकेदार (56) की वजू करते समय अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह पूरी घटना मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है। बताया जा रहा है कि हाजी शेख अलीम पिछले करीब 20 वर्षों से मस्जिद कमेटी से जुड़े हुए थे और रोज की तरह नमाज अदा करने मस्जिद पहुंचे थे।

 

अजान खत्म होने का कर रहे थे इंतजार, तभी गिर पड़े

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, हाजी शेख अलीम वजू करने के बाद सीढ़ियों पर बैठकर अजान खत्म होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह जमीन पर गिर पड़े। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं।

 

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद मस्जिद में मौजूद लोग उन्हें तुरंत खंडवा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों के साथ-साथ मुस्लिम समाज में भी गहरा दुख व्याप्त है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ CCTV वीडियो

घटना का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर हर कोई स्तब्ध है और इसे जिंदगी की अनिश्चितता का एक दर्दनाक उदाहरण बता रहा है।

Related Articles

Back to top button