सिवनी में बड़ा हादसा, ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट हाई-वोल्टेज लाइन से टकराया, पायलट गंभीर
सिवनी में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट हाई-वोल्टेज लाइन से टकराया विमान के पंखों से चिंगारियां फूटीं और बिजली आपूर्ति ठप हुई प्रशिक्षु पायलट झुलस गया, इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में सोमवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। NH-44 से करीब 15 किलोमीटर अंदर स्थित सुकतरा में मेंस्को ऐयरोस्पेस लिमिटेड में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। रेड बर्ड एविएशन का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट उड़ान अभ्यास के दौरान आमगांव से पुतलाई के बीच 33 केवी की हाई-वोल्टेज बिजली लाइन से टकरा गया। टक्कर होते ही जोरदार धमाका हुआ और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। विमान के पंख तारों से भिड़ते ही चिंगारियां उठीं और पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
हादसा आखिर कैसे हुआ?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान अचानक नियंत्रण खो बैठा और हाई-वोल्टेज लाइन के बहुत करीब पहुंच गया। जैसे ही पंखों ने बिजली तारों को छुआ, कुछ ही सेकंड में पूरा माहौल दहशत से भर गया। टक्कर के बाद विमान में जोरदार स्पार्किंग हुई और प्रशिक्षु पायलट तेज करंट की चपेट में आ गया। पायलट गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे तत्काल उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।



