दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: तीन से ज़्यादा आतंकी गिरफ़्तार

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े तीन से ज़्यादा आतंकी गिरफ्तार लाल किले ब्लास्ट के बाद कार्रवाई तेज, कई राज्यों में छापेमारी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन से ज्यादा आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क का हिस्सा बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक पकड़े गए सभी आरोपी नॉर्थ इंडिया के रहने वाले हैं।

 

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने इन गिरफ्तारियों को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पंजाब में चलाए गए ऑपरेशन्स के दौरान अंजाम दिया। मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने आएगी।

 

10 नवंबर को दिल्ली में बड़ा धमाका

10 नवंबर को लाल किले के पास बड़ा ब्लास्ट हुआ था। इस धमाके में 15 लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए थे। कई वाहन भी जलकर खाक हो गए थे।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि इस ब्लास्ट के पीछे डॉक्टरों का एक नेटवर्क काम कर रहा था, जिसके तार आतंकी संगठनों से जुड़े थे। जिस कार से धमाका किया गया, उसे भी एक डॉक्टर ही चला रहा था। इसके बाद देशभर में ताबड़तोड़ छापेमारी हुई और कई डॉक्टर गिरफ्तार किए गए। इस घटना के बाद से दिल्ली पुलिस लगातार हाई अलर्ट पर है।

 

आतंकियों में अंदरूनी कलह भी सामने आई

जांच में ये भी सामने आया कि ब्लास्ट में शामिल आतंकी आपस में भी एक-दूसरे से सहमत नहीं थे। बताया जाता है कि उमर कश्मीर में बुरहान वानी और जाकिर मूसा का उत्तराधिकारी बनना चाहता था। जबकि फरीदाबाद टेरर मॉड्यूल में पकड़े गए आतंकी AQIS की विचारधारा से प्रभावित थे। उमर ISIS और जैश की सोच से भी प्रभावित बताया गया।

 

क्या अनमोल बिश्नोई था टारगेट?

स्पेशल सेल इस इनपुट की भी जांच कर रही है कि कहीं गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई आतंकियों के निशाने पर तो नहीं था। 27 अक्टूबर को अनमोल ने कोर्ट में अर्जी लगाकर दावा किया था कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से उसे जान का खतरा है। इस मामले में अनमोल की याचिका पर NIA ने अदालत में सुनवाई भी की थी।

Related Articles

Back to top button