व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी के बाद अफगान नागरिक गिरफ्तार, टेक्सास में आतंकवादी धमकी का आरोप
व्हाइट हाउस गोलीबारी के बाद अमेरिका में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट टेक्सास में अफगान नागरिक पर आतंकवादी धमकी का गंभीर आरोप FBI और ICE ने संयुक्त कार्रवाई में संदिग्ध को किया गिरफ्तार

USA: अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी बीच एक और अफगान नागरिक मोहम्मद दाऊद अलोकोजे को टेक्सास में गिरफ्तार किया गया है। उस पर आतंकवादी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। फॉक्स न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, दाऊद ने टिकटॉक पर एक ऐसा वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह कथित तौर पर टेक्सास के फोर्ट वर्थ एरिया में एक इमारत को निशाना बनाने के लिए बम बनाते हुए दिख रहा है।
‘ऑपरेशन एलाइज़ वेलकम’ से अमेरिका पहुंचा था आरोपी
अलोकोजे साल 2021 में अमेरिका की अफगानिस्तान से वापसी के दौरान चलाए गए “Operation Allies Welcome” कार्यक्रम के तहत अमेरिका पहुंचा था। इसी कार्यक्रम के तहत आया रहमानुल्लाह लकनवाल वही व्यक्ति है, जिस पर व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी कर दो नेशनल गार्ड सदस्यों को निशाना बनाने का आरोप है। इनमें से एक सैनिक की मौत भी हो चुकी है।
FBI और टेक्सास एजेंसी की संयुक्त कार्रवाई
टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी और FBI की जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स ने मिलकर दाऊद अलोकोजे को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद ICE (यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट) ने भी उसे अपनी कस्टडी में ले लिया है।
व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी: एक नेशनल गार्ड सदस्य की मौत
अलोकोजे की गिरफ्तारी उस घटना के सिर्फ 24 घंटे बाद हुई है, जिसमें व्हाइट हाउस के पास दो नेशनल गार्ड सदस्यों पर फायरिंग की गई थी। इसमें स्पेशलिस्ट सारा बेकस्ट्रॉम की मौत हो गई। एक अन्य सैनिक घायल है। अफगान नागरिक रहमानुल्लाह लकनवाल पर अब फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया है। वाशिंगटन DC की यूएस अटॉर्नी जीनिन पिरो ने कहा है कि लकनवाल पर और भी आरोप जोड़े जा सकते हैं।



