मन की बात 128: पीएम मोदी ने देश की उपलब्धियों, युवा नवाचार और ‘वोकल फॉर लोकल’ को लेकर कही बड़ी बातें

नवंबर में देश उपलब्धियों और प्रेरणाओं से सराबोर रहा मन की बात में पीएम मोदी ने कृषि, खेल और नवाचार की तारीफ की युवाओं की नई सोच और Vocal for Local पर फिर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात के 128वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नवंबर का महीना कई प्रेरणादायक घटनाओं से भरा रहा। 26 नवंबर को संविधान दिवस पर सेंट्रल हॉल में विशेष कार्यक्रम हुआ, वंदेमातरम् के 150 साल पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। 25 नवंबर को अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा का आरोहण और कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पांचजन्य स्मारक का लोकार्पण भी हुआ। पीएम ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने हैदराबाद में दुनिया की सबसे बड़ी लीप इंजन MRO फ़ैसिलिटी का उद्घाटन किया। इसके साथ ही INS ‘माहे’ को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया और Skyroot का Infinity Campus भारत के स्पेस सेक्टर के लिए नई उड़ान बनकर उभरा है।

 

कृषि क्षेत्र में देश ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले की तुलना में देश का खाद्यान्न उत्पादन 100 मिलियन टन बढ़ गया है, जो कृषि क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि है।

 

खेल जगत में भारत की धमाकेदार कामयाबी

पीएम मोदी ने कहा कि खेलों में भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भारत को देने का ऐलान हुआ है, जो देश की बढ़ती ताकत को दर्शाता है।

 

Gen-Z और ISRO की ड्रोन चैलेंज का जिक्र

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में सोशल मीडिया पर वायरल हुए ISRO की एक खास ड्रोन प्रतियोगिता के वीडियो का जिक्र किया। इस प्रतियोगिता में युवा, खासकर Gen-Z, मंगल ग्रह जैसी परिस्थितियों में बिना GPS के ड्रोन उड़ाने की कोशिश कर रहे थे। कई ड्रोन जमीन पर गिरते रहे क्योंकि मंगल पर GPS उपलब्ध नहीं होता।

 

मंगल जैसी परिस्थितियों में ड्रोन उड़ाने में भारतीय युवाओं की जीत

इस चैलेंज में पुणे की एक टीम ने लगातार प्रयासों के बाद सफलता हासिल की। उनका ड्रोन कई बार गिरा, लेकिन आखिरकार मंगल ग्रह जैसी परिस्थिति में कुछ देर तक उड़ने में सफल रहा। पीएम ने कहा कि यह देश के युवाओं की मेहनत, जिज्ञासा और Innovation Spirit को दिखाता है।

 

PM मोदी फिर बोले—Vocal for Local

पीएम मोदी ने एक बार फिर ‘Vocal for Local’ को अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान विश्व नेताओं को जो भी उपहार दिए गए, वे सभी भारतीय स्थानीय उत्पादों का प्रतिनिधित्व करते थे।

 

महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम को पीएम मोदी की बधाई

प्रधानमंत्री ने महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत की जमकर तारीफ की। भारत ने Blind Cricket World Cup बिना एक भी मैच हारे अपने नाम किया है। पीएम ने कहा कि टीम का हौसला और जज्बा हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। उन्होंने टीम से प्रधानमंत्री निवास पर मुलाकात भी की और इसे देश के खेल इतिहास की बड़ी जीत बताया।

Related Articles

Back to top button