मप्र में 16 आईएफएस अधिकारियों का तबादला

भोपाल। मध्यप्रदेश में अधिकारियों के तबादलों का दौर निरंतर जारी है। इसी क्रम में अब भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के 16 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। इस संबंध में सोमवार देर रात वन विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया।

जारी आदेश के मुताबिक, राज्य वन अनुसंधान संस्थान जबलपुर के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं संचालक गिरधर राव को भोपाल वन विभाग में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रशिक्षण) नियुक्त किया गया है। वहीं, मप्र राज्य वन विकास निगम भोपाल के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक सत्यानंद को मप्र ईको टूरिज्म बोर्ड भोपाल में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (निगरानी एवं मूल्यांकन) मोहन लाल मीना का भोपाल से बैतूल वृत्त में ट्रांसफर हुआ है, जबकि कान्हा टाईगर रिजर्व मंडला के मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक एल. कृष्णपूर्ति को सतपुड़ा टाईगर रिजर्व होशंगाबाद में मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा, मुख्य वन संरक्षक केके भारद्वाज को होशंगाबाद वृत्त से छिंदवाड़ा वृत्त में ट्रांसफर किया गया है, जबकि भोपाल मुख्यालय में मुख्य वन संरक्षक उत्तम कुमार शर्मा को पन्ना टाईगर रिजर्व में मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक, सतपुड़ा टाईगर रिजर्व होशंगाबाद के मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक सुनील कुमार सिंह को कान्हा टाईगर रिजर्व मंडला में मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक, पन्ना टाईगर रिजर्व के मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक केएस भदौरिया को भोपाल मुख्यालय में मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख तथा खंडवा वृत्त के वन संरक्षक (अनुसंधान एवं विस्तार) महेन्द्र सिंह सिसोदिया को खंडवा वृत्त में ही वन संरक्षक नियुक्त किया गया है।

इसी तरह, सिवनी वनमंडल के वनमंडलाधिकारी (उत्पादन) नरेश कुार यादव को कान्हा (बफर) टाईगर रिजर्व मंडला में उप संचालक, जबलपुर (सामान्य) वनमंडल के वनमंडलाधिकारी रवीन्द्र मणि त्रिपाठी को कान्हा टाईगर रिजर्व मंडला में उप संचालक, कान्हा टाईगर रिजर्व मंडला की उप संचालक अंजना सुचित्रा तिर्की को जबलपुर (सामान्य) वनमंडल में वनमंडलाधिकारी, उत्तर शहडोल वनमंडल के मंडलाधिकारी देवांशु शेखर को बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व उमरिया में उप संचालक, दक्षिण बालाघाट (सामान्य) वनमंडल के वनमंडलाधिकारी अनुराग कुमार को सिवनी (उत्पादन) वनमंडल में वनमंडलाधिकारी, बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व उमरिया के उप संचालक सिद्धार्थ गुप्ता को उत्तर शहडोल (सामान्य) वनमंडल में वनमंडलाधिकारी और कान्हा (बफर) टाईगर रिजर्व मंडला के उप संचालक ग्रजेश कुमार बरकड़े को दक्षिण बालाघाट (सामान्य) वनमंडल में वनमंडलाधिकारी पदस्थ किया गया है।

Related Articles

Back to top button