सोलापुर में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई कार, 5 की मौत, एक महिला गंभीर
सोलापुर-पुणे नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई देवदर्शन के लिए जा रहे 5 लोगों की मौत, एक महिला गंभीर उदयपुर में भीषण कार टक्कर, चार युवकों ने गंवाई जान

Maharashtra accident news: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोलापुर से पुणे जाने वाले नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मोहोल के पास देवदरी पाटी इलाके में रात करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग देवदर्शन के लिए पनवेल से अक्कलकोट जा रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया चल रही है। इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
उदयपुर में भीषण टक्कर, चार युवकों की मौत
वहीं, शनिवार तड़के राजस्थान के उदयपुर में भी एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। पुराने अहमदाबाद हाईवे पर दो कारों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा सवीना थाना क्षेत्र के नेला तालाब के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मुर्शिद नगर निवासी मोहम्मद अयान (17), बरकत कॉलोनी निवासी आदिल कुरैशी (14), मल्लातलाई निवासी शेर मोहम्मद (19) और सवीना निवासी गुलाम ख्वाजा (17) के रूप में हुई है। सभी मृतक उदयपुर के रहने वाले थे। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



