सिडनी के बॉन्डी बीच पर गोलीबारी, 16 की मौत, हनुक्का उत्सव बना निशाना
सिडनी के बॉन्डी बीच पर हनुक्का उत्सव के दौरान गोलीबारी हमले में 16 लोगों की मौत, 29 घायल, इलाके में दहशत एक हमलावर ढेर, दूसरा गिरफ्तार, जांच जारी

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में स्थित प्रसिद्ध बॉन्डी बीच पर रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हनुक्का त्योहार मना रहे यहूदी समुदाय पर अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। दो बंदूकधारियों ने भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस हमले में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 29 लोग घायल बताए जा रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग के बाद बीच पर चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग घायलों को बचाने की कोशिश करते और उन्हें सीपीआर देते दिखाई दे रहे हैं।
एक हमलावर ढेर, दूसरा गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत मोर्चा संभाला। इस दौरान एक हमलावर मारा गया, जबकि दूसरा घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। मारे गए हमलावर की पहचान नावीद अकरम के रूप में बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर इसे आतंकी हमला घोषित नहीं किया गया है।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
गोलीबारी के बाद बॉन्डी बीच पर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागते दिखे, वहीं सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। कई वीडियो में पुलिस और आपातकालीन सेवाएं राहत-बचाव कार्य में जुटी नजर आईं।
हनुक्का उत्सव के दौरान हुआ हमला
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब चबाड ऑफ बॉन्डी द्वारा आयोजित “चानुका बाय द सी” कार्यक्रम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के मुताबिक, काले कपड़ों में दो हथियारबंद हमलावर एक ब्रिज पर नजर आए और उन्होंने कई राउंड फायरिंग की। लोगों ने 12 से 50 गोलियों की आवाजें सुनने का दावा किया है। पुलिस ने लोगों से अफवाहें न फैलाने और इलाके से दूर रहने की अपील की है। साथ ही बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है।
पीएम अल्बानीज का बयान
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा, “बॉन्डी बीच से सामने आए दृश्य बेहद चौंकाने वाले हैं। पुलिस और आपातकालीन सेवाएं जान बचाने के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं। पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।” न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने भी इस घटना को “गंभीर रूप से परेशान करने वाला” बताया है।
इजरायल की प्रतिक्रिया
इस हमले पर इजरायल की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया आई है। इजरायली विदेश मंत्रालय के अधिकारी गिदोन सार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सिडनी में हनुक्का उत्सव के दौरान हुआ यह हमला बेहद चिंताजनक है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में बढ़ रही यहूदी-विरोधी घटनाओं पर भी चिंता जताई।



