बरेली शादी विवाद: दूल्हे ने लगाए गंभीर आरोप, कहा– दहेज नहीं मांगा, बॉडी शेमिंग कर शादी से किया गया इनकार
दहेज के आरोपों के बीच बरेली में शादी टूटी दूल्हे ने बॉडी शेमिंग और मकान की मांग का लगाया आरोप पुलिस जांच में जुटी, दोनों पक्ष रख रहे हैं अपना पक्ष

उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी टूटने के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। जहां पहले दुल्हन की ओर से दहेज की मांग का आरोप लगाते हुए बारात वापस लौटाने की बात कही गई थी, वहीं अब दूल्हे ने सामने आकर अपनी बात रखी है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। दूल्हे का कहना है कि उसने या उसके परिवार ने कभी दहेज या गाड़ी की कोई मांग नहीं की। आरोप है कि दुल्हन ने बॉडी शेमिंग करते हुए शादी से साफ इनकार कर दिया।
मकान रजिस्ट्री की शर्त पर बिगड़ा मामला
दूल्हे के मुताबिक, शादी से ठीक पहले दुल्हन पक्ष की ओर से शर्त रखी गई कि एक मकान दुल्हन के नाम पर रजिस्ट्री कराया जाए। जब इस मांग को मानने से इनकार किया गया, तो दुल्हन पक्ष ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर शादी तोड़ दी। दूल्हे और उसके परिवार का कहना है कि यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं और जानबूझकर रिश्ते को तोड़ा गया है।
मई में हुई थी सगाई, दो दिन पहले थी शादी
मामला बरेली के थाना कैंट क्षेत्र के सदर बाजार का है। यहां रहने वाले मुरली मनोहर की बेटी ज्योति की शादी प्रेम नगर की नई बस्ती निवासी ऋषभ से तय हुई थी। दोनों की सगाई मई महीने में हुई थी और शादी दो दिन पहले होनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर बारात वापस लौट गई।
जेवर और मोबाइल छीने जाने का आरोप
लड़का पक्ष का आरोप है कि बारात आने के बाद द्वारचार की रस्म के दौरान अचानक नई-नई शर्तें रखी गईं और शादी रद्द कर दी गई। परिवार का दावा है कि इस दौरान उनके कुछ लोगों के सोने के जेवरात और मोबाइल फोन भी छीन लिए गए।
दुल्हन पक्ष पर पैसों की मांग के आरोप
दूल्हे का कहना है कि दुल्हन पक्ष लगातार पैसों और घर की मांग कर रहा था। जब इन शर्तों को मानने से इनकार किया गया, तो दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर रिश्ता तोड़ दिया गया।फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।



